'मैं काम करने के लिए हूं ना कि वो जो कल करना पड़ा', CBI रेड को लेकर केंद्र पर सिसोदिया का तंज
नई दिल्ली, 20 अगस्त: सीबीआई दिल्ली की नई आबकारी नीति और उसमें हुए हेरफेर की जांच कर रही है, जिसके तहत शुक्रवार को कई जगहों पर छापेमारी की गई। इस छापेमारी के दौरान सीबीआई की एक टीम दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर पहुंची और वहां पर दिनभर तलाशी ली। जांच के दौरान उनकी कार को भी खंगाला गया। इसके बाद शनिवार को सिसोदिया एक कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने इशारों ही इशारों में छापेमारी को लेकर केंद्र पर तंज कसा।

कार्यक्रम में लोगों से बात करते हुए सिसोदिया ने कहा कि कल (शुक्रवार को) मैं बिन बुलाए, अनचाहे मेहमानों के बीच था, जिनके बीच रहना कोई पसंद नहीं करता। उसके बाद मुझे लगा कि मैं यहां (कार्यक्रम में) आऊं या नहीं आऊं। मुझे लगा कि मैं यह काम करने के लिए हूं ना कि वह जो कल करना पड़ा।
छापेमारी के बाद कही थी ये बात
वहीं शुक्रवार को जब 14 घंटे की छापेमारी खत्म हुई तो सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार और बीजेपी सीबीआई का गलत इस्तेमाल कर रही है। वो मेरे घर आए, इसके बाद मेरा फोन और लैपटॉप लेकर चले गए। सीबीआई को ऊपर से कंट्रोल किया जा रहा है और इसके जरिए दिल्ली में हो रहे अच्छे कामों को रोकने की कोशिश हो रही। सिसोदिया के मुताबिक उन्होंने कोई भ्रष्टाचार और गलत काम नहीं किया है, जिस वजह से वो डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने और उनके परिवार ने जांच टीम का पूरा सहयोग किया। डिप्टी सीएम ने केंद्र को चेतावनी देते हुए कहा कि वो सीबीआई का जितना चाहें दुरुपयोग कर लें, लेकिन मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं।
FIR में 15 का नाम
आपको बता दें कि सीबीआई ने अपनी एफआईआर में सिसोदिया समेत 15 लोगों को आरोपी बनाया है। FIR कॉपी से पता चलता है कि अमित अरोड़ा, दिनेश अरोड़ा और अरुण पांडे शराब व्यापारियों से कमीशन लिया करते थे। इसके बाद ठेके का आवंटन होता था। वहीं बीजेपी ने तो यहां तक आरोप लगाया कि सिसोदिया अपने दोस्त के पब जाते थे, वहां पर वो कमीशन का हिसाब लेते थे।












Click it and Unblock the Notifications