Manipur Violence: दिल्ली यूनिवर्सिटी में आपस में भिड़े मणिपुर के छात्र, पुलिस ने बताया नियंत्रण में है स्थिति
दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में मणिपुर के छात्र आपस में भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

मणिपुर में एसटी दर्जे की मांग को लेकर भड़की हिंसा की लपटें दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस तक पहुंच गई। जहां मणिपुर के छात्रों ने अपने ही राज्य के कुछ छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रों ने मुखर्जी नगर थाने के सामने जमकर नारेबाजी की।
दरअसल शुक्रवार शाम को दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के आसपास रहने वाले मणिपुर के कुछ छात्रों ने अपने ही राज्य के कुछ छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मारपीट में कई छात्र घायल भी बताए जा रहे हैं। वहीं, पीड़ित छात्रों ने पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
पीड़ित छात्रों का कहना है कि वो एक प्रार्थना सभा से वापस आ रहे थे, उसी दौरान छात्रों के दूसरे ग्रुप ने उनके साथ बदसलूकी कर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित छात्रों ने मुखर्जी नगर थाने के सामने प्रदर्शन कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। साथ ही खुद की जान को खतरा बताया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है। हालांकि, इस मामले में पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, मणिपुर में हालात काफी नाजुक बने हुए हैं, साथ ही वहां धारा 144 लागू है। जबकि वहां पर हिंसा के बाद मरने वालों की संख्या 52 तक पहुंच गई है। हिंसा इस कदर बढ़ती जा रही कि सरकार को वहां शूट एट साइट का आदेश देना पड़ा।
मणिपुर में हिंसा भड़कनें का कारण?
दरअसल, मणिपुर की आबादी में 53 फीसदी हिस्से वाले गैर-आदिवासी मेइती समुदाय की मांग है कि उनके समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जे दिया जाए। जिसके खिलाफ नगा और कुकी आदिवासियों द्वारा 'आदिवासी एकजुटता मार्च' का आयोजन किया गया। तीन मई को हिंसा भड़क गई। इसके बाद से मणिपुर में काफी गंभीर हालात बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications