पत्नी का कत्ल कर शव के किए टुकड़े-टुकड़े, तीन दिन तक रखा साथ
बीवी को मारने के बाद वह बाजार से आरी और बैग लाया। आरी से उसने अपनी पत्नी के शव को तीन टुकड़ों में काट दिया और बैग में भर दिया। इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने कहां जाए इसके लिए दोस्त से मदद मांगी।
नई दिल्ली। मंगलवार को जहां एक तरफ लोग वैलेंटाइन डे होने के चलते इस दिन को प्यार को समर्पित कर रहे थे, वहीं दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया कि जिसे सुनकर कोई भी सिहर उठे। दिल्ली पुलिस ने एक शख्स को अपनी बीवी के कत्ल के इल्जाम में गिरफ्तार किया है। इस शख्स ने ना सिर्फ अपनी बीवी को मार डाला बल्कि उसके शव को भी टुकड़े-टुकड़े कर दिया। शव के तीन टुकड़ों को उसने तीन दिन तक घर में रखे रखा।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को मधुविहार इलाके से मूलरूप से झारखंड के निवासी सुबोध नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। सुबोध के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसने बीवी का कत्ल कर दिया है। जिसके बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सुबोध की दो पत्नियां हैं। उसकी पहली पत्नी मनीषा दो बच्चों के साथ झारखंड में रहती थी लेकिन जब उसे सुबोध की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो वह दिल्ली आ गई और लगातार उसका और सुबोध का झगड़ा होने लगा।
दोस्त को बताने से खुला राज
पुलिस के मुताबिक, मनीषा को मारने का इरादा करने के बाद सुबोध दोनों बच्चों को झारखंड छोड़ आया और वापस आकर मनीषा को पीट-पीट कर मार डाला। ये घटना शनिवार की है। रविवार को वह लाश को ठिकाने लगाने के बारे में सोचता रहा लेकिन कुछ नहीं सूझा। सोमवार को बाजार से आरी और बैग लाया। आरी से उसने अपनी पत्नी के शव को तीन टुकड़ों में काट दिया और बैग में भर दिया।
सुबोध ने पत्नी के शव को काट कर और बैग में भरकर अपने एक दोस्त से इसे ठिकाने लगवाने के लिए मदद मांगी तो ये सुनकर उसके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई। सुबोध के दोस्त ने इसे मजाक समझा लेकिन जब उसने सुबोध के घर आकर उसकी बीवी की कटी लाश को देखा तो वह हैरान रह गया। इसके बाद वह कुछ तरकीब निकालने की बात कहकर वहां से आ गया और पुलिस को इस बारे में बताया। इसके बाद उसने उसने सुबोध को शव ठिकाने लगाने के बहाने पार्क में बुलाया और पुलिस से गिरफ्तार करा दिया।












Click it and Unblock the Notifications