Lok Sabha Election: दिल्ली में AAP-कांग्रेस गठबंधन से बीजेपी को कितना नुकसान? जानिए सभी 7 सीटों का हाल
AAP-Congress Alliance in Delhi and effect on BJP: दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच में सीटों का बंटवारा, दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही सकारात्कमक संदेश है। लेकिन, इसका राजधानी में बीजेपी के प्रदर्शन पर कोई असर पड़ेगा, इसकी संभावना नजर नहीं आ रही है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन दोनों ही दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए काफी उत्साहजनक माना जा सकता है। क्योंकि, पिछले दोनों ही लोकसभा चुनावों 2014 और 2019 में त्रिकोणीय मुकाबले का फायदा उठाने में बीजेपी सफल रही है।

दिल्ली में 4 सीटों पर लड़ेगी AAP और 2 पर कांग्रेस
2024 के लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच 4 और 3 सीटों का बंटवारा हुआ है। आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस को 3 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारने का मौका मिलेगा।
दिल्ली में AAP कहां लड़ेगी और कांग्रेस कहां उतारेगी उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में अपने प्रत्याशी उतारेगी और कांग्रेस उसके उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। जबकि, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक में कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे और आम आदमी पार्टी उनका समर्थन करेगी।
आंकड़े बताते हैं कि भाजपा पर नहीं पड़ेगा कोई फर्क
अगर 2019 के लोकसभा चुनावों में इन दोनों ही दलों के वोट शेयर का विश्लेषण करें तो साफ है कि सारे मतभेदों को भुलाकर इनके हाथ मिला लेने पर भी भाजपा के प्रदर्शन पर किसी भी चुनाव क्षेत्र में कोई असर नहीं पड़ेगा।
पूर्वी दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रदर्शन पर क्या होगा असर?
2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली में कांग्रेस को 24% और आम आदमी पार्टी को 17% वोट मिले थे। यानी इन दोनों दलों का वोट शेयर जोड़ लें तो इन्हें कुल 41% वोट हासिल हुए थे। जबकि, बीजेपी को 55% वोट प्राप्त हुए थे। मतलब वोटों का यह गैप 14% का है।
नई दिल्ली में भाजपा का मार्जिन फिर भी विशाल
इसी तरह नई दिल्ली लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 27% और आम आदमी पार्टी को 16% यानी कुल 43% वोट मिले थे। लेकिन, भाजपा ने अकेले 55% मत हासिल किए थे। नई दिल्ली में भाजपा को 12% की बढ़त
दक्षिणी दिल्ली में भाजपा बहुत आगे
दक्षिणी दिल्ली में कांग्रेस के उम्मीदवार को 14% और एएपी को 26% यानी कुल 40% वोट आए थे। वहीं बीजेपी प्रत्याशी ने अकेले 57% वोटों से जीत दर्ज की थी। दक्षिणी दिल्ली में बीजेपी का वोट शेयर 17% अधिक
पश्चिमी दिल्ली में बीजेपी को 23% वोटों की बढ़त
पश्चिमी दिल्ली में तो भाजपा की जीत का मार्जिन और भी विशाल रहा था। वहां कांग्रेस को 20% और एएपी के 17% मतलब कुल 37% वोट आए थे। जबकि, भाजपा प्रत्याशी को 60% वोट प्राप्त हुए थे। पश्चिमी दिल्ली में बीजेपी की जीत का मार्जिन 23% अधिक।
पश्चिमी दिल्ली में भी भाजपा 22% वोटों से आगे
यही हालत उत्तर पश्चिमी दिल्ली का भी रहा था। कांग्रेस को 17% और एएपी को 21% यानी कुल 38% वोट मिले थे। लेकिन बीजेपी उम्मीदवार को 60% वोट आए थे।
चांदनी चौक में भी भाजपा का वोट शेयर काफी अधिक
चांदनी चौक लोकसभा सीट को कभी कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी। लेकिन, 2019 में उसके उम्मीदवार को फिर भी 30% ही वोट प्राप्त हुए थे। वहीं एएपी प्रत्याशी 15% वोट ही ले सकता था और दोनों मिलाकर देखें तो यह वोट शेयर 45% ही पहुंचता है। जबकि, बीजेपी उम्मीदवार ने 53% वोट जुटा लिए थे। चांदनी चौक में भी 8% मतों से भाजपा आगे।
पूर्वी दिल्ली में भी भाजपा का ही जलवा
उत्तर पूर्वी दिल्ली का भी परिणाम अलग नहीं था। यहां कांग्रेस को 29% वोट आए थे और आम आदमी पार्टी महज 13% वोट प्राप्त कर पायी थी। दोनों को मिला देने पर भी इनका वोट शेयर 42% ही होता है। जबकि, बीजेपी को यहां भी 53% वोट मिले थे। मतलब, दिल्ली की सातों लोकसभा में बीजेपी को जहां सबसे कम वोट मिले थे, वहां भी वह आज के इंडिया ब्लॉक से 11% ज्यादा वोट लाई थी।
भाजपा के वोट शेयर में लगातार भारी बढ़ोतरी
दिल्ली की सभी सीटों पर बीजेपी का प्रदर्शन 2019 में 2014 के मुकाबले भी काफी बेहतर हुआ था। मसलन, दिल्ली की सातों सीटों पर जहां 2014 में कांग्रेस को औसतन 15% वोट मिले थे और आम आदमी पार्टी को औसतन 33% वोट मिले थे, वहीं बीजेपी को 46% वोट आए थे।
लेकिन, 2019 में कांग्रेस का औसत वोट शेयर अगर 22% रहा और आम आदमी पार्टी का औसत वोट शेयर 18% रहा, वहीं बीजेपी का औसत वोट शेयर 57% दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें- Seat Sharing UP: कांग्रेस 17 में से सिर्फ छह सीटों पर मुकाबला करने की स्थिति में
दोनों चुनावों में दिल्ली की सातों सीटें जीती बीजेपी
पिछले दोनों ही चुनावों में बीजेपी राजधानी की सात की सात सीटें जीत गई थी और इसी वजह से अबकी बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आपस में गठबंधन को मजबूर होना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications