दिल्ली में एक और सनसनीखेज हत्या, लिव-इन पार्टनर ने महिला को जिंदा जलाया
दिल्ली में महिला पार्टनर को आरोपी ने तारपीन का तेल डालकर जिंदा जला दिया। महिला को एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

देश की राजधानी में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां महिला को उसके लिव इन पार्टनर ने जिंदा जला दिया है। महिला को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने बताया की आरोपी ने महिला के ऊपर तारपीन का तेल डाला और उसे आग के हवाले कर दिया। यह घटना 10 फरवरी की है, जब महिला की उसके साथी के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। आरोपी का नाम मोहित है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मोहित को उसके दोस्त के घर ड्रग्स लेते हुए महिला ने पकड़ा था। जिसके बाद दोनों में काफी बहस हो गई और आरोपी ने महिला पर तारपीन का तेल डाला और उसे आग के हवाले कर दिया।
इस घटना के बारे में 11 फरवरी को अमन विहार पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में कहा गया कि एसजीएम अस्पताल में महिला को भर्ती कराया गया है जोकि बुरी तरह से जल गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची और लगातार महिला का बयान लेने की कोशिश करती रही, लेकिन महिला की हालत बुरी होने की वजह से वह अपना बयान नहीं दे पाई। इसके बाद पीड़िता को सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से महिला को एम्स में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां महिला की मौत हो गई।
जांच में पता चला कि महिला ने अपने पहले पति को छोड़ दिया था और मोहित के साथ पिछले 6 सालों से लिव इन में रह रही थी। 28 वर्षीय महिला जूते की फैक्ट्री में काम करती थी। उसके दो बच्चे थे, एक 8 साल का बेटा पहले पति से था और 4 साल की बेटी मोहित से थी। सोमवार को एम्स ट्रामा सेंटर ने बताया कि पीड़िता की आग में जलने से मौत हो गई है। महिला का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि मोहित को हिरासत में ले लिया गया है और इस मामले में धारा 302 के तहत अमन विहार पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। इस मामले की आगे की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications