Delhi: कंझावला केस में बड़ी कार्रवाई, गृह मंत्रालय के निर्देश पर सस्पेंड किए गए 11 पुलिसकर्मी
कंझावला कांड मामले में तीन पीसीआर वैन व दो पिकेट पर तैनात 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

Kanjhawala case, केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद कंझावला केस में पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। मंत्रालय के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस के 11 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें 2 सब इंस्पेक्टर, 4 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल के पद पर 4 और कांस्टेबल पद पर रहे 1 कर्मी को सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा डीसीपी को भी ढिलाई बरतने पर कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रोहिणी जिले के 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। इनमें दो सब इंस्पेक्टर, चार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, चार हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। बता दें कि सस्पेंड हुए 11 पुलिसकर्मियों में 6 पीसीआर में तैनात थे। वहीं 5 पुलिसकर्मी पिकेट पर तैनात थे। इसे पहले गृह मंत्रालय ने इस मामले में पुलिस कर्मियों को दोषी ठहराने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को पीसीआर वैन, जांच चौकी के पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपना कर्तव्य निभाने में असफल रहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया है। विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली जांच समिति की ओर से एक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि उस रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को मामले में जल्द से जल्द आरोपपत्र दायर करने का निर्देश दिया है ताकि दोषियों को सजा मिल सके।
बता दें कि, अंजलि सिंह (20) की स्कूटी को एक कार ने 31 दिसंबर और एक जनवरी की दरमियानी रात को टक्कर मार दी थी, जिसमें वह कार के नीचे फंस गईं और वाहन के साथ सड़क पर करीब 14 किलोमीटर तक घसीटे जाने के कारण उसकी मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications