दिल्ली की तर्ज पर राजस्थान में खुलेंगे 'जनता क्लीनिक', सीएम केजरीवाल ने जताई खुशी
नई दिल्ली, 26 जून: अरविंद केजरीवाल ने पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद ही दिल्ली में एक नया प्रयोग किया था। जिसके तहत दिल्ली के हर मोहल्ले में एक क्लीनिक खोला गया, जिसे 'मोहल्ला क्लीनिक' नाम दिया गया। कोरोना काल में इस क्लीनिक ने लोगों की खूब मदद की, जिससे अब दूसरे राज्य भी इस तरह का प्रयोग अपने यहां कर रहे हैं। हाल ही में खबर आई थी कि राजस्थान सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक के तर्ज पर जनता क्लीनिक शुरू करने की तैयारी की है। जिस पर ट्वीट कर सीएम केजरीवाल ने खुशी जताई।

सीएम केजरीवाल ने एक न्यूज आर्टिकल को शेयर किया है, जिसमें राजस्थान में जनता क्लीनिक खुलने की बात कही गई। इसके साथ सीएम ने लिखा कि मुझे खुशी है कि राजस्थान सरकार भी मोहल्ला क्लीनिक शुरू कर रही है। हम सबको एक दूसरे से अच्छे काम सीखने हैं और उन्हें पूरे देश में लागू करना है। तभी देश आगे बढ़ेगा। अगर राजस्थान सरकार को इसे लागू करने में कोई भी सहयोग चाहिए होगा तो हमें बेहद खुशी होगी।
8 स्थान चिह्नित किए गए
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान के कोटा में जनता क्लीनिक खोलने की तैयारी हो रही है। जिसके लिए 8 जगहों को चिह्नित किया गया है। राज्य सरकार ने तीन साल पहले बजट में जनता क्लीनिक की घोषणा की थी, लेकिन कोरोना की वजह से ये काम पूरा नहीं हो पाया। अब हालात सामान्य होने के बाद फिर से इस दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जनता क्लीनिक पर एक डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, फार्मासिस्ट, सहायक कर्मचारी और स्वीपर लगाए जाएंगे। वहां पर जाकर जनता फ्री में परामर्श लेकर दवाइयां ले सकती है। दवाइयों के लिए भी किसी तरह का चार्ज नहीं लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications