दिल्ली में हिंदू महापंचायत में यति नरसिंहानंद की Hate Speech, बीच में पुलिस ने रुकवाया कार्यक्रम
हिंदू सेना महापंचायत का रविवार को नई दिल्ली में आयोजन किया गया था। यह महापंचायत हरियाणा के नूंह में पिछले महीने हुई हिंसा के खिलाफ आयोजित की गई थी। लेकिन पुलिस की इजाजत के बिना हो रही इस महापंचायत को बीच में ही रोक दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार महापंचायत के दौरान नफरती भाषण दिए गए थे।
विवादित धार्मिक नेता यति नरसिंहानंद अपने तकरीबन 40-50 समर्थकों के साथ इस महापंचायत में हिस्सा लेने पहुंचे थे। रविवार की सुबह ही वह जंतर मंतर पर आयोजित इस महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। महापंचायत के दौरान यति नरसिंहानंद का भाषण का वीडियो सामने आया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि नरसिंहानंद लोगों को संबोधित कर रहे हैं। इसमे वह लोगों से कह रहे हैं कि मैं हिंदुओं को एक बात बताना चाहता हूं, अगर आपकी आबादी लगातार कम होती रही और मुसलमानों की आबादी बढ़ती रही तो देश मे एक बार फिर से वही होगा जो हजारों साल पहले हुआ था।
यति नरसिंहानंद के नफरती भाषण को बीच में ही पुलिस ने रुकवा दिया और भीड़ को वहां से हटाने का काम किया गया। दिल्ली पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है और इसके बाद यति नरसिंहानंद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी यति नरसिंहानंद विवादित बयान दे चुके हैं।
बता दें कि यति नरसिंहानंद कई बार अपने नफरती भाषण की वजह से विवादों में रह चुके हैं, उनके खिलाफ कई केस भी दर्ज हैं। इससे पहले यति नरसिंहानंद ने मदरसों को को गिरा देने, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को गन पाउडर से गिरा देने का बयान दिया था, जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
यही नहीं नरसिंहानंद के खिलाफ महात्मा गांधी को लेकर विवादित बयान के चलते भी केस दर्ज है। धर्म संसद हरिद्वार में हुए नफरती भाषण में भी यति नरसिंहानंद के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। वह तीन दिवसीय धर्म संसद के आयोजकों में शामिल थे। जहां मुसलमानों के खिलाफ हथियार उठाने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा था कि मुसलमानों के खिलाफ हथियार उठाइए ताकि 2029 में कोई मुसलमान देश का प्रधानमंत्री ना बने।












Click it and Unblock the Notifications