दिल्ली पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट, भीड़ वाले इलाकों की कड़ी निगरानी
दिल्ली। राजधानी में जहां एक तरफ लोग दशहरे और दीवाली की खुशियां मनाने की तैयारियों में लगे हैं वहीं सरकार और पुलिस आतंकी हमलों के खतरो से निपटने की कोशिशों में जुटे हैं।
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया है और भीड़ वाले इलाकों में पेट्रोलिंग कर कड़ी निगरानी के आदेश दिए हैं।

दशहरे और दीवाली की खुशियों पर आतंक का साया
दशहरे और दीवाली में दिल्ली के बाजारों और मंदिरों में भारी भीड़ जुटती है और ऐसे माहौल में आतंकी किसी अनहोनी को अंजाम दे सकते हैं।
इसी आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने वैसे इलाकों में कड़ी निगरानी के आदेश दिए हैं जहां लोगों की आवाजाही ज्यादा है।
गृह मंत्रालय ने भी जारी किया था अलर्ट
शुक्रवार को जारी अलर्ट में गृह मंत्रालय ने राज्यों को अगले 30 दिनों तक आतंकी खतरों से सावधान रहने को कहा और मेट्रो स्टेशन जैसी संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश में आतंकी खतरा
पिछले महीने पाकिस्तान के खिलाफ हुए सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश में आतंकी खतरा बढ़ गया है। त्योहारी सीजन में देशभर में मंदिरों और बाजारों में काफी भीड़ होती है।
इस माहौल को देखते हुए सभी बड़े शहरों के प्रशासन और पुलिस को हाई अलर्ट रहने को कहा गया है।

खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना
भारत की खुफिया एजेंसियों ने कहा है कि पाकिस्तान भारत के किसी बड़े शहर में आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है।
देश में सक्रिय आतंकी स्लीपर सेल
देश के अंदर आतंकियों के स्लीपर सेल सक्रिय हैं। पुलिस को उन स्लीपर सेल पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications