CAA: दिल्ली में नारे लगा रहे भाजपाइयों से आप के कार्यकर्ताओं की भिड़ंत, सिसोदिया बोले- वो ऐसे ही करते हैं
नई दिल्ली. नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर राजधानी दिल्ली में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। कई स्थानों पर उपद्रवियों ने हिंसा की। शनिवार को पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में आम आदमी पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। दोनो पक्षों में पहले तो डांस हुआ, फिर हो-हल्ला मचने लगा। धक्का-मुक्की के बीच मारपीट की नौबत आ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कहा गया कि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के समर्थकों की ओर से हाथापाई की गई।

संवाददाता के अनुसार, दिल्ली सरकार यानी आप कार्यकर्ताओं ने प्रांत की सभी विधानसभाओं में पदयात्रा शुरू की है, जिसमें केजरीवाल समर्थक शनिवार को प्रचार करते हुए पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। यहां वे विधायक मनीष सिसोदिया जी की अगुवाई में पदयात्रा के तहत प्रचार कर रहे थे। मनीष सिसोदिया के स्वागत किए जाने से पहले ही वहां उनका भाजपा समर्थकों से सामना हुआ। भाजपाई 'वी सपोर्ट एनआरसी' और 'वी सपोर्ट सीएए' के नारे लगा रहे थे।

दोनों पक्षों के लोग एक-दूजे के सामने डांस करने लगे। डांस करने के दौरान ही कार्यकर्ताओं में हाथापाई शुरू हो गई। धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आए थे, लेकिन आम आदमी पार्टी वालों ने हम पर धावा बोल दिया।

वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं यहां पर अपनी पार्टी का प्रचार और पदयात्रा का आरंभ करने आया हूं। जब उनसे बीजेपी और आम आदमी पार्टी में हुई हाथापाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, कि बीजेपी वाले ऐसे ही करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications