Delhi Weather Forecast Today: दिल्ली में कब तक होगी बारिश? इस वजह से मार्च में बदला मौसम, IMD की चेतावनी
Delhi Weather Forecast Today Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में मौसम पिछले हफ्ते से करवट ले चुका है। दिल्ली में पिछले तीन से चार दिनों से हल्की बारिश हो रही है। सोमवार (23 मार्च) की सुबह भी दिल्ली में बारिश हुई और दिनभर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ घंटों में भी रुक-रुक कर बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
IMD ने बताया कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल बादल छाए रहेंगे और दिन के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की बन सकती है। हालांकि नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली के मुकाबले मौसम साफ रहेगा। जबकि गुरुग्राम में बादल छाए रह सकते हैं।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हाल की बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है और कई दिनों से यह सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मार्च में बारिश क्यों हो रही है? (Why March Rain Is Unusual)
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मार्च में हो रही बारिश का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। आमतौर पर यह सिस्टम सर्दियों के महीनों में सक्रिय रहता है और उत्तर भारत में बारिश लाता है, जिसे स्थानीय भाषा में 'मावठ' भी कहा जाता है। इस बार यह सिस्टम देरी से सक्रिय हुआ है, जिसके कारण सामान्य पैटर्न बदल गया है और सर्दियों की बारिश मार्च में देखने को मिल रही है।
इस बदलाव के पीछे वायुमंडल में नमी की अधिकता और पश्चिमी हवाओं का सक्रिय होना भी एक बड़ा कारण है। यही वजह है कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार बादल बन रहे हैं और बारिश के स्पेल देखने को मिल रहे हैं।
दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम? (Delhi Mein kaisa rahega mausam)
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 मार्च के बाद बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो जाएंगी और आसमान में आंशिक रूप से बादल बने रहेंगे। दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
25 मार्च को भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है, हालांकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 26 मार्च तक फिर से बादलों की घेराबंदी बढ़ सकती है, लेकिन इस दौरान भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
अप्रैल में कैसा रहेगा मौसम? (April Weather Forecast)
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मौसम का यह पैटर्न अप्रैल तक जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय नमी के चलते बीच-बीच में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम बदलता रहेगा। इससे तापमान में अचानक गिरावट भी देखने को मिल सकती है और कुछ दिनों तक ठंडक जैसा एहसास बना रह सकता है।
हालांकि मिड अप्रैल के बाद नोएडा और दिल्ली-एनसीआर का मौसम काफी गर्म और सूखा रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान अक्सर लगभग 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। ज्यादातर दिन तेज धूप वाले रहेंगे, हवा में नमी बनी रहेगी, लेकिन बीच-बीच में बारिश भी होते रहेगी। शुरुआती ट्रेंड को देखते हुए लू चलने की आशंका भी बनी रहेगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस हो सकती है।
एयर क्वालिटी और असर
बारिश और बादलों के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी कुछ सुधार देखने को मिला है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी मॉडरेट श्रेणी में दर्ज की गई है। हालांकि लगातार बदलते मौसम और धूप-बादल के खेल के चलते यह स्थिति अस्थिर रह सकती है। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और बादलों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications