Delhi Water Cut: दिल्ली में जल संकट! राजधानी के कई इलाकों में नहीं आएगा पानी, देखें अपने एरिया की लिस्ट
Delhi Water Cut Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लाखों लोगों को आज, मंगलवार को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। इसको लेकर दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने आधिकारिक तौर पर अलर्ट जारी किया है।
जल बोर्ड के मुताबिक, अंडरग्राउंड रिजर्वायर (जलाशय) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों में होने वाले सालाना फ्लशिंग कार्यक्रम के चलते मंगलवार, 13 जनवरी को दिल्ली के 17 से अधिक इलाकों में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

दिल्ली जल बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान कुछ इलाकों में पूरी तरह पानी की सप्लाई बंद रह सकती है, जबकि कई क्षेत्रों में कम समय और कम दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
क्यों प्रभावित होगी पानी की सप्लाई?
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, हर साल अंडरग्राउंड रिजर्वायर और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की सफाई और रखरखाव (फ्लशिंग) किया जाता है। यह प्रक्रिया जल गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरी होती है, लेकिन इसके कारण अस्थायी रूप से पानी की सप्लाई रोकनी पड़ती है। इसी फ्लशिंग कार्यक्रम के चलते 13 जनवरी को कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित रहेगी।
दिल्ली जल बोर्ड ने प्रभावित इलाकों के निवासियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही, नागरिकों से अपील की है कि वे-
- पानी का सावधानी और किफायत से उपयोग करें
- जरूरत के अनुसार पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर करके रखें
- अनावश्यक पानी की बर्बादी से बचें
जल बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को भी दिल्ली के एक दर्जन से अधिक इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रही थी। मंगलवार (13 जनवरी) को 5 से ज्यादा इलाकों में पानी या तो नहीं आएगा या फिर बहुत कम दबाव के साथ आएगा। हालांकि, बोर्ड का कहना है कि स्थिति को सामान्य रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।
13 जनवरी को इन इलाकों में पानी की सप्लाई होगी प्रभावित
जल बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार को निम्नलिखित इलाकों में जल आपूर्ति प्रभावित रह सकती है-
- बुरारी गांव
- संत नगर
- बाबा कॉलोनी
- कौशिक एन्क्लेव
- इब्राहिमपुर गांव और आसपास के क्षेत्र
इसके अलावा भी कुछ अन्य इलाकों में आंशिक रूप से पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
पानी के टैंकर के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
लोगों को होने वाली परेशानी से राहत देने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने पानी के टैंकर मंगवाने हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। आवश्यकता पड़ने पर नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं- सेंट्रल कंट्रोल रूम (Water Emergency): 1916
जल बोर्ड ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलने पर प्रभावित इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। दिल्ली में जल संकट जैसे हालात बन सकते हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने, पानी बचाने और जरूरत पड़ने पर जल बोर्ड की हेल्पलाइन का सहारा लेने की सलाह दी गई है। जल बोर्ड ने कहा है कि फ्लशिंग का काम पूरा होते ही जल आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications