Delhi Today: रवींद्र नेगी ने सरकार से क्या बड़ी मांग की? तिहाड़ जेल को कहां शिफ्ट किया जाएगा? जानिए सब अपडेट
Delhi Today: राजधानी दिल्ली में मंगलवार(25 मार्च) को विकसित दिल्ली बजट प्रस्तुत किया गया। असान शब्दों में जानिए इस बजट में किस वर्ग को क्या मिला है? भारत के सबसे बड़े जेल परिसरों में से एक तिहाड़ जेल को अब दिल्ली के बाहर क्यों शिफ्ट किया जाएगा? बीजेपी के नेता रवींद्र नेगी ने नवरात्रि के दौरान सरकार से क्या बड़ी मांग कर दी है? आइए जानते सब अपडेट।
विकसित दिल्ली बजट में इस बार सभी वर्गों का विशेष ध्यान दिया गया है। साफ- साफ शब्दों में हम आपको बताते हैं इसमे किस वर्ग को क्या मिला है? इस बजट में वंचितों के लिए ₹10,047 करोड़ के बजट का प्रावधान किया है जो सामाजिक कल्याण विभाग, महिला व बाल विकास विभाग व SC/ST/OBC कल्याण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च होगा।

महिला समृद्धि योजना की शुरुआत
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश से दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना की शुरुआत करते हुए इस योजना के लिए ₹5,100 करोड़ का बड़ा बजट आवंटित कर दिया है। हर छात्र को डिजिटल और आधुनिक शिक्षा देने के लिए ₹19,291 करोड़ के बजट से शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया जाएगा। CM Shri स्कूलों में एआई आधारित क्लासरूम, रोबोटिक्स लैब्स और स्मार्ट क्लासरूम भी तैयार किए जाएंगे।
यमुना नदी बनेगी स्वच्छ और निर्मल
यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए भी निर्णय किया है। नालों के गंदे पानी को यमुना में गिरने से रोकने हेतु नई परियोजना की शुरुआत और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत और विकास कार्य के लिए ₹500 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा आर्थिक सुरक्षा और सम्मान
दिल्ली सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देने के लिए 60-69 वर्ष की आयु के वरिष्ठ नागरिकों को ₹2500 व 70+ के वरिष्ठ नागरिकों को ₹3000 प्रतिमाह देने का निर्णय लिया गया है। किसान एवं ग्रामीण विकास के लिए ₹1,758 करोड़ आवंटित। 'पीएम किसान सम्मान निधि राज्य टॉप-अप योजना' के तहत किसानों को राज्य सरकार से सालाना अतिरिक्त ₹3,000 की सहायता मिलेगी
तिहाड़ जेल को अब दिल्ली के बाहर शिफ्ट किया जाएगा
भारत के सबसे बड़े जेल परिसरों में से एक तिहाड़ जेल को अब दिल्ली के बाहर शिफ्ट किया जाएगा। मंगलवार (25 मार्च) को सीएम रेखा गुप्ता ने इस बात की घोषणा कर दी है। उन्होंने ये भी कहा कि तिहाड़ को शिफ्ट करने के बाबत सर्वेक्षण और परामर्श से संबंधित सेवाओं के लिए साल 2025-26 के बजट में 10 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि तिहाड़ जेल के निकट आवासीय क्षेत्रों के होने से सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। गौरतलब है कि तिहाड़ जेल फिलहाल पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके में स्थित है। इस जेल में 20,000 से ज्यादा कैदियों के रखने की व्यवस्था है। तिहाड़ जेल 1958 स्थापित किया गया था जो 400 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है।
रवींद्र नेगी ने नवरात्रि के दौरान सरकार से की बड़ी मांग
पटपड़गंज से बीजेपी विधायक रवींद्र नेगी अक्सर किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने मांग की है कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों के पास चलने वाली मीट की दुकानों को बंद किया जाए। उन्होंने विधानसभा में दिल्ली सरकार से मांग की है कि नवरात्रि के दौरान पूरी दिल्ली की मटन शॉप्स को बंद किया जाए।
रवींद्र नेगी ने कहा कि नवरात्रि हिंदू आस्था का पर्व है और मंदिरों के सामने मीट की दुकानें खुलने से भावनाएं आहत होती हैं, इसलिए इन्हें बंद रखा जाए। बता दे कि नेगी ने अपने विधानसभा पटपड़गंज में मंदिरों के पास स्थित मांस की दुकानों को बंद करवा दिया है। उनके इस फैसले पर श्रद्धालु काफी उत्साहित हैं। वहीं इस पर आप नेता जुबैर अहमद ने कहा कि शराब की दुकानों को भी बंद कर देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications