Delhi Tanga Race VIDEO: दिल्ली में बीच सड़क तांगा रेस, बैरिकेडिंग से लगी लगाम,10 हिरासत में
दिल्ली की सड़कों पर तांगा रेस का मामला सामने आया है। चार तांगों पर सवार 6 लोग आपस में रेस करते नजर आए। इसके साथ ही 4 लोग अपने वाहन पर सवार ट्रैफिक क्लियर करते रहे। पुलिस ने एक्शन लेते हुए चारों तांगों को जब्त कर लिया।

जान जोखिम में डाल बाइक और कार रेस की घटनाएं आपने सुनी ही होंगी। लेकिन दिल्ली(Delhi) की सड़कों पर तांगा रेस का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चार तांगे पर सवार 6 लोग खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। मामले का वीडियो सामने आते ही दिल्ली पुलिस के होश उड़ गए। आनन फानन बैरिकेडिंग कर पुलिस ने चारों तांगों को रोका और जब्त कर लिया। इसके साथ ही तांगे पर सवार 6 लोगों समेत स्कूटी और बाइक पर साथ में रेस कर रहे 4 लोगों को भी हिरासत में लिया है।
जवाहरलाल नेहरू मार्ग से पहाड़गंज तक रेस
दरअसल, वक्त था रविवार शाम करीब 4:30 बजे। अचानक बीच सड़क चार तांगों पर सवार 6 लोग आपस में रेस करते नजर आए। साथ में दो स्कूटी और एक बाइक पर 4 लोग सवार ट्रैफिक क्लियर करते रहे। तांगा रेस जवाहरलाल नेहरू मार्ग की तरफ से होते हुए राजघाट क्रॉस करते हुए पहाड़गंज की तरफ बढ़ी। इतने में सड़क पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे, जो सोशल मीडिया पर पलक झपकते ही वायरल हो गया।
बैरिकेडिंग कर तांगों पर लगाई लगाम
पुलिस को मामले की सूचना मिली। आनन फानन दिल्ली पुलिस की टुकड़ी कमला मार्केट इलाके में पहुंची और बैरिकेडिंग कर दी। कुछ देर बाद तांगा रेस पहुंची और बैरिकेडिंग देख घोड़ों के कदम रुक गए। पुलिस ने तांगों को जब्त कर लिया और उसपर सवार 6 लोगों को भी हिरासत में लिया। साथ ही 4 अन्य लोगों को भी पकड़ लिया।
घोड़े एमसीडी के हवाले, मुकदमा दर्ज
वहीं, पुलिस ने तांगा रेस के घोड़ों को एमसीडी को सौंप दिया। इसके साथ ही आरोपियों को यातायात नियमों का उल्लंघन, जानवरों संग बर्बरता की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications