कौन था बिरजू कुमार? बिहार से सपने लेकर आया था दिल्ली, रोहिणी में खुले मेनहोल ने लील ली जिंदगी
Delhi manhole death: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खुले सीवर और नालों की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। रोहिणी के सेक्टर-32 स्थित बेगमपुर इलाके में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक खुले नाले में गिरने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरजू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था और दिल्ली में मजदूरी करता था।
यह घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बिरजू अपने एक दोस्त के साथ था। दोनों ने दिनभर शराब पी थी और नशे की हालत में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बिरजू का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे बने खुले नाले में गिर गया। दोस्त को तुरंत घटना का एहसास नहीं हुआ। बाद में होश आने पर उसने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

रेस्क्यू ऑपरेशन घंटों की तलाश के बाद मिला शव
दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 7:45 बजे सूचना मिली। मौके पर फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची और नाले में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद बिरजू को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कौन था बिरजू कुमार
बिरजू कुमार बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला था। वह रोज़ी-रोटी के लिए दिल्ली आया था और दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार के लिए वह इकलौता कमाने वाला बताया जा रहा है। अचानक हुई इस घटना से उसके गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
डीडीए की जमीन पर बना था खुला नाला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस नाले में बिरजू गिरा, वह डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) की जमीन पर स्थित है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नाले को खुले छोड़ने की जिम्मेदारी किस विभाग की थी और क्या इसमें लापरवाही बरती गई।
आप नेता सौरभ भारद्वाज का बीजेपी सरकार पर हमला
इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दिल्ली की बीजेपी सरकार को घेरते हुए लिखा-
"रोहिणी सेक्टर 32 में सड़क पर चलते हुए एक आदमी गहरे नाले में गिर गया। लाश तक नहीं मिली। रेखा गुप्ता की सरकार सिर्फ फोटोबाज़ी और भाषणबाज़ी में लगी है। इन्हें सरकार नहीं, सर्कस चलाना है।"
पहले भी जा चुकी है जान
यह कोई पहली घटना नहीं है। 6 फरवरी को जनकपुरी इलाके में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जहां 25 वर्षीय बाइक सवार कमल ध्यानी 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया था। उस हादसे में भी युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
खुले नालों और मेनहोल को ढकने की मांग
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि खुले नाले, बिना ढके मेनहोल और सड़क पर बने गड्ढे आम लोगों की जान के दुश्मन बन चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत सभी खुले नालों को ढका जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।












Click it and Unblock the Notifications