Delhi Ring Metro: दिल्ली को मिलेगा देश का पहला रिंग मेट्रो, PM मोदी देंगे 5 नए मेट्रो प्रोजेक्ट्स की सौगात
Delhi Ring Metro (Metro corridors):दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार मिलने वाली है। 8 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में मेट्रो से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में दो नए मेट्रो कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे, जबकि तीन नई मेट्रो लाइनों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 18,300 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सरकार का कहना है कि इससे दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत होगा, सड़क पर गाड़ियों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन डीडीए उत्सव स्थल-3 (निरंकारी मंडल के सामने) में होगा।

दिल्ली को मिलेगा पहला 'रिंग मेट्रो' (Delhi Pink Line Ring Metro)
सबसे बड़ी घोषणा मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक बनने वाले मेट्रो सेक्शन को लेकर है। करीब 12.3 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर पहले से चल रही मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा होगा। इसके शुरू होते ही पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश का पहला पूरी तरह ऑपरेशनल रिंग मेट्रो नेटवर्क मिल जाएगा।
इस रूट पर मजलिस पार्क, बुराड़ी, झरोड़ा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर जैसे स्टेशन शामिल होंगे।
मैजेंटा लाइन का नया विस्तार (Delhi Magenta Line Extension)
दूसरा बड़ा कॉरिडोर दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक बनाया गया है। लगभग 9.92 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड सेक्शन पहले से चल रही बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का हिस्सा होगा। इसके शुरू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किलोमीटर हो जाएगी।
इस रूट पर दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर विलेज, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर का एक हिस्सा करीब 28.36 मीटर ऊंचाई पर बनाया गया है, जो दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शनों में से एक माना जा रहा है।
यमुना पर नया मेट्रो ब्रिज (Delhi Yamuna Metro Bridge)
मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर के निर्माण के दौरान यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है। खास बात यह है कि यहां डबल-डेकर वायाडक्ट तैयार किया गया है, जिसमें ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे सड़क फ्लाईओवर है। यह दिल्ली मेट्रो का यमुना पर पांचवां पुल होगा।
तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास (Delhi Metro Phase-V)
- प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रो फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर की भी आधारशिला रखेंगे। पहला प्रोजेक्ट रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाला सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर है। करीब 9.913 किलोमीटर लंबा यह पूरी तरह भूमिगत होगा और इसमें शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ जैसे स्टेशन होंगे। इससे सेंट्रल विस्टा और महत्वपूर्ण सरकारी भवनों तक मेट्रो कनेक्टिविटी आसान होगी।
- दूसरा प्रोजेक्ट एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन है। लगभग 2.263 किलोमीटर लंबा यह सेक्शन भूमिगत बनेगा और एयरपोर्ट तक सीधा मेट्रो कनेक्शन मजबूत करेगा।
- तीसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक बनेगा, जिसकी लंबाई करीब 3.9 किलोमीटर होगी और यह एलिवेटेड होगा। इस रूट पर सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन बनाए जाएंगे।
NCR यात्रियों को भी होगा फायदा (NCR Connectivity)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक इन प्रोजेक्ट्स का फायदा सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे एनसीआर को मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन से तुगलकाबाद पहुंचकर सीधे आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक मेट्रो से जा सकेंगे। वहीं नोएडा से आने वाले लोग मैजेंटा लाइन के जरिए कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन से साउथ दिल्ली और एयरपोर्ट तक आसानी से सफर कर पाएंगे।
सरकार का दावा है कि इन नई लाइनों के शुरू होने के बाद दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा और राजधानी का सफर पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और पर्यावरण के अनुकूल बन जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications