Delhi के फाइव स्टार रेस्टोरेंट में सलवार-सूट पहनना बना अपराध, वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बवाल
Delhi Restaurant Controversy: सोचिए, आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ खुशी-खुशी डिनर के लिए किसी होटल या रेस्टोरेंट में पहुंचे हों, लेकिन दरवाजे पर खड़े गार्ड आपको यह कहकर रोक दें कि आपके कपड़े उनकी ड्रेस कोड लिस्ट में नहीं आते। सुनने में अजीब लगता है, लेकिन दिल्ली में ऐसा ही हुआ है।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली (Delhi) के पीतमपुरा स्थित एक रेस्टोरेंट में भारतीय पारंपरिक परिधान पहनने वाले लोगों की एंट्री पर कथित तौर पर रोक लगा दी गई। सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहे वीडियो में आरोप है कि एक दंपती को सिर्फ इसलिए अंदर जाने से रोक दिया गया क्योंकि महिला ने सलवार-सूट पहन रखा था।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बवाल मच गया, और इसे भारतीय संस्कृति व पहनावे की स्वतंत्रता पर हमला बताया जाने लगा।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर नाराजगी
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने भारतीय पारंपरिक कपड़ों में आने वाले ग्राहकों को अंदर जाने से मना कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो के सामने आने के बाद कई यूज़र्स ने इसे भारतीय संस्कृति और पहनावे की स्वतंत्रता पर हमला बताया। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर यूज़र्स ने इसे "अस्वीकार्य" करार देते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर जताई नाराज़गी, जांच के आदेश
मामला सामने आने के बाद दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा -"This is unacceptable in Delhi. पीतमपुरा के एक रेस्टोरेंट में भारतीय परिधानों पर रोक का वीडियो सामने आया है। ये अस्वीकार्य है। CM @gupta_rekha जी ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। अधिकारियों को इस घटना की जांच व तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।"
कपिल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में भारतीय परिधान पहनने पर किसी को रोकना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लिया संज्ञान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश की जाए और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह कोई पहला मौका नहीं है जब दिल्ली में भारतीय पारंपरिक परिधानों में प्रवेश न देने का मामला सामने आया हो।सितंबर 2021 में भी एक रेस्टोरेंट ने एक महिला को साड़ी पहनने की वजह से एंट्री देने से मना कर दिया था। महिला ने वीडियो शेयर किया था जिसमें रेस्टोरेंट स्टाफ यह कहते सुना गया था - "हम सिर्फ स्मार्ट कैज़ुअल्स की अनुमति देते हैं, और साड़ी उसमें नहीं आती।" उस समय भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति का अपमान बताया था।
सोशल मीडिया पर लोग लगातार यह मांग कर रहे हैं कि इस तरह के भेदभाव को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं। उनका कहना है कि भारत में भारतीय पारंपरिक कपड़े पहनने पर किसी को रोका जाना न सिर्फ असंवेदनशील है, बल्कि यह सांस्कृतिक पहचान पर भी चोट है।












Click it and Unblock the Notifications