दिल्ली में घटने लगे कोरोना के दैनिक मामले, 24 घंटों में मिले 17364 नए केस
नई दिल्ली, मई 8। कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने देश में कई स्तर पर तबाही मचाई है। पिछले दो दिन से एकबार फिर नए मरीजों का आंकड़ा 4 लाख के पार आ रहा है। वहीं विशेषज्ञों ने तीसरी लहर की चेतावनी दे दी है, लेकिन, इसी बीच राजधानी दिल्ली से थोड़ी राहत भरी खबर जरूर आ रही है। दरअसल, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के नए आंकड़े में कमी दर्ज की गई है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 17364 नए मरीज सामने आए हैं।
Recommended Video

दिल्ली का रिकवरी रेट बेहतर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घण्टों में कोरोना संक्रमितों के 17,364 नए मामले सामने आए हैं। ये आंकड़े पिछले कुछ दिनों में आए केस के मुकाबले कम हैं। इसके साथ ही, पिछले 24 घण्टों में 20,160 मरीज ठीक भी होकर अपने घर लौटे हैं।
332 लोगों की कोरोना से मौत
दिल्ली में नए संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी भले ही हुई हो, लेकिन मौत का आंकड़ा अभी भी सरकार के लिए चुनौती बना हुआ है। कोरोना के कारण पिछले 24 घण्टों में 332 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। दिल्ली में अब तक कुल 13,10,231 केस सामने आए हैं, जिनमें से एक्टिव केस की संख्या 87,907 है। वहीं, अब तक 12,03,253 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं, जबकि 19,071 की मौत हो चुकी है।
कनाडा से आई दिल्ली को मदद
इस बीच अन्य राज्यों और विदेशों से अलग-अलग रूप में मदद दिल्ली पहुंच रही है। शनिवार को 50 वेंटिलेटर और रेमडेसिविर की 25 हजार शीशियों की खेप कनाडा से दिल्ली पहुंची है।












Click it and Unblock the Notifications