Delhi Rain: दिल्ली में बारिश का पानी बना 'काल', उस्मानपुर में 2 बच्चों की मौत; वसंत विहार में बचाव अभियान जारी
Delhi News: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह हुई भारी बारिश जहां गर्मी से राहत लेकर आई तो कई जगह काल भी साबित हुई है। दिल्ली एयरपोर्ट हादसे के अलावा दिल्ली में कई ऐसी घटनाएं सामने आई है, जहां बारिश का पानी 'मौत' बना है। न्यू उस्मानपुर इलाके में बारिश के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि वसंत विहार में तीन मजदूरों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बारिश के पानी में खेलने के लिए घर से निकले दो बच्चे गहरे गड्ढे में गिरकर डूब गए। मरने वाले बच्चों की उम्र 8 और 10 साल थी और वे न्यू उस्मानपुर इलाके के सोम बाजार, गमरी के रहने वाले थे।

घटना के बारे में जानकारी साझा करते हुए उत्तर पूर्व के पुलिस उपायुक्त जॉय तिर्की ने कहा, "न्यू उस्मानपुर इलाके में आज बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। यह घटना न्यू उस्मानपुर इलाके में शाम करीब 5:00 बजे हुई।"
अधिकारी के अनुसार घटना के समय दोनों बच्चे बारिश के पानी में खेलने गए थे। पुलिस ने बताया, "नए उस्मानपुर के 5वें पुश्ता के पास खादर इलाके में करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी जमा हो गया था। दोनों लड़के खेल रहे थे और तैरने चले गए, लेकिन पानी गहरा होने के कारण डूब गए।"
डीसीपी ने बताया, "शवों को बाहर निकाला गया और जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों को अब पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है।
वसंत विहार में मलबे के साथ पानी भरे गड्ढे में गिरे मजदूर
इधर, दिल्ली के वसंत विहार में भारी बारिश के चलते दर्दनाक हादसा हो गया। ब्लॉक बी में एक निर्माणाधीन इमारत के गड्ढे में तीन मजदूर गिर गए, जिनको बचाने के लिए एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस अधिकारियों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
मजदूर घटनास्थल के पास अस्थायी झोपड़ियों में रह रहे थे और भारी बारिश के कारण झोपड़ियां गड्ढे में गिर गईं थीं। वहीं गड्ढे से पानी निकालने के लिए पंप लगाया गया है। मौके पर एंबुलेंस और डॉक्टर की भी टीम तैनात है।












Click it and Unblock the Notifications