Delhi Pollution: 'कोई जादू की छड़ी नहीं, सब कुछ कर देंगे', प्रदूषण और स्मॉग पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिया जवाब
Delhi Pollution: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण और स्मॉग को "विरासत में मिली समस्या" बताया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली जैसे महानगर में लॉकडाउन लागू करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या के लिए कोई "जादू की छड़ी" नहीं है।
गुप्ता ने जोर देकर कहा कि प्रदूषण नियंत्रण एक "सतत प्रक्रिया" है और ऐसी जटिल समस्याओं के लिए कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की जा सकती। उन्होंने बढ़ती आबादी और सड़क पर वाहनों की कई गुना बढ़ी संख्या को प्रदूषण के प्रमुख कारकों में गिनाया। उनका कहना था कि सरकार को शहर की गति बनाए रखते हुए ही प्रदूषण से निपटना होगा।

प्रदूषण और स्मॉग विरासत में मिली समस्या
दरअसल, सीएम रेखा गुप्ता ने ये बयान हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2025 में कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हम हर दिन एक कदम आगे बढ़ रहे हैं।" उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सरकार ने पिछले 10 महीनों में जिस तेजी से काम किया है, वह पिछली सरकारों (आप और कांग्रेस) को करना चाहिए था।
दिल्ली भाजपा सरकार ने क्या किए प्रयास?
सीएम ने अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की लिस्ट भी पेश की। उन्होंने लोगों को खुले में लकड़ी जलाने से रोकने के लिए हीटर उपलब्ध कराने और प्रदूषण कम करने हेतु पानी के छिड़काव जैसी पहल का जिक्र किया। हालांकि, उन्होंने उन रिपोर्टों को सिरे से खारिज किया जिनमें आरोप था कि सरकार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) निगरानी स्टेशनों के आसपास पानी छिड़ककर आंकड़ों को कम दिखाने की कोशिश कर रही है।
"यमुना की सफाई "युद्ध स्तर पर" जारी है"
रेखा गुप्ता ने छठ पूजा के दौरान प्रदूषित यमुना नदी के पास "नकली तालाब" बनाने के आरोपों को भी मनगढ़ंत बताया। उन्होंने यमुना की सफाई को "एक बड़ी परियोजना" कहा, जिसमें सभी प्रमुख नाले मिलते हैं। उन्होंने कहा कि "यह एक दिन का काम नहीं है," और वादा किया कि यमुना की सफाई "युद्ध स्तर पर" जारी है, जिस पर उनकी सरकार सत्ता में आने के बाद से सक्रिय रूप से काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications