Delhi AQI Today: ‘गैस चेंबर’ बनी दिल्ली, हवा में बढ़ा 'जहर' का स्तर! 700 पार पहुंचा एयर क्वालिटी इंडेक्स
Delhi Pollution-AQI: दिल्ली एक बार फिर जहरीली हवा की गिरफ्त में है। शुक्रवार सुबह जब लोग बाहर निकले तो हवा में धुंध और जलन महसूस हुई। सांस लेना मुश्किल था और आसमान पर प्रदूषण की मोटी परत छाई हुई थी। आईक्यू एयर के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 727 तक पहुंच गया, जो सीधे 'खतरनाक' श्रेणी में आता है।
दिवाली के बाद से ही दिल्ली की हवा लगातार बिगड़ रही है। पटाखों का धुआं, पड़ोसी राज्यों में पराली जलाना और ठंडी हवाओं की कमी ने मिलकर प्रदूषण को चरम पर पहुंचा दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो दिल्ली 'गैस चेंबर' में बदल सकती है।

शाम तक थोड़ी राहत की उम्मीद
मौसम विभाग और अधिकारियों का कहना है कि दिन में हवा की गति बढ़ने से थोड़ी राहत मिल सकती है। गुरुवार को दिल्ली का औसत AQI शाम 4 बजे 311 था, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, उस दिन दिल्ली 'रेड जोन' में थी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के चेहरे पर फिर मास्क! जहरीली हुई हवा-AQI 300 पार, 2 दिनों तक क्यों नहीं राहत?
सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली चौथे नंबर पर
देश के 254 शहरों में दिल्ली चौथे स्थान पर रही, जबकि हरियाणा का रोहतक सबसे ऊपर रहा। सीपीसीबी के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के 38 में से 32 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने AQI 300 से ऊपर दर्ज किया। इसका मतलब है कि ज्यादातर इलाकों में हवा 'बहुत खराब' स्तर पर थी।
पराली जलाना बना सबसे बड़ा कारण
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, दिल्ली की हवा में पीएम 2.5 के बढ़ने की सबसे बड़ी वजह पराली जलाना है। बुधवार को जहां पराली का असर केवल 1.2 फीसदी था, वहीं गुरुवार को यह बढ़कर 21.5 फीसदी हो गया। शुक्रवार को इसके 36.9 फीसदी तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को पंजाब में 94, हरियाणा में 13 और उत्तर प्रदेश में 74 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गईं।
यातायात से भी बढ़ रहा प्रदूषण
पराली के बाद ट्रांसपोर्ट सेक्टर भी प्रदूषण का बड़ा कारण बन रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को कुल प्रदूषण में वाहनों का योगदान 16.2 फीसदी रहा, जबकि शुक्रवार को इसके 11 फीसदी के करीब रहने की उम्मीद है।
प्रदूषण के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन
दिल्ली की बिगड़ती हवा को लेकर गुरुवार को कई छात्र और सामाजिक संगठनों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। 'साइंटिस्ट्स फॉर सोसाइटी' और 'कैम्पेन फॉर राइट टू पब्लिक हेल्थ' द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में 80 से ज्यादा लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर जलवायु संकट से निपटने में नाकामी का आरोप लगाया। इसमें नौजवान भारत सभा, दिशा स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन, पत्रकार, कलाकार और कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
दिल्ली पर मंडरा रहा दमघोंटू खतरा
राजधानी में हर साल सर्दियों के शुरू होते ही हवा जहरीली हो जाती है। इस बार स्थिति और भी गंभीर हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पराली और ट्रैफिक पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो दिल्ली में सांस लेना और भी मुश्किल हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Delhi NCR Weather Update: आज बारिश होगी या नहीं? फटाफट चेक करें नोएडा, गाजियाबाद-गुरुग्राम के मौसम का हाल












Click it and Unblock the Notifications