Delhi Polls: 'देश का एकमात्र शिक्षा मंत्री जो शराब घोटाले में जेल गया', जंगपुरा रैली में सिसोदिया पर बरसे शाह
Delhi Polls: दिल्ली विधानसभा चुनाव में सोमवार को अंतिम दौर का प्रचार अपने चरम पर है। इस कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने जंगपुरा में चुनावी रैली को संबोधित किया। जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया चुनावी मैदान में हैं, जहां अपनी रैली में शाह ने शराब घोटाले को लेकर सिसोदिया पर जमकर निशाना साधा।
बीजेपी प्रत्याशी तरविन्दर सिंह मारवाह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आए अमित शाह ने आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो देश में एकमात्र शिक्षा मंत्री हैं, जो शराब घोटाले में जेल गए।

Delhi Polls: यमुना पर अमित शाह का दिल्ली से वादा
अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मैं यमुना जी के पानी में डुबकी लगाऊंगा। उन्होंने तो डुबकी नहीं लगाई। उन्होंने यमुना को स्वच्छ नहीं किया, लेकिन आप भाजपा की सरकार बना दीजिए 3 सालों में हम यमुना पर 'यमुना रिवर फ्रंट' बनाने का काम करेंगे।"
Delhi Polls: मनीष सिसोदिया को शाह ने घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "मनीष सिसोदिया (जंगपुरा से आप उम्मीदवार) यहां आए हैं। आपको उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्या किया कि उन्हें पटपड़गंज (विधानसभा क्षेत्र) छोड़ना पड़ा। उन्हें लगता है कि पटपड़गंज की जनता को धोखा देने के बाद अब वे यहां झूठे वादे कर सकते हैं। उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने एक काम किया, वह था सभी मंदिरों, स्कूलों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खुलवाना। देश में केवल एक शिक्षा मंत्री है जो शराब घोटाले में जेल गया।"
ये भी पढ़ें: Delhi Polls 2025: मोदी की इन 3 गारंटी से तय होगा दिल्ली का चुनाव परिणाम?
'शीश महल' जनता के लिए खोलेंगे- अमित शाह
अमित शाह ने आगे कहा कि 2013 में केजरीवाल कहते थे कि सीएम बनने के बाद वे घर, कार या सुरक्षा नहीं लेंगे। लेकिन उन्होंने कार और बंगला भी ले लिया। वे एक घर से संतुष्ट नहीं थे, इसलिए उन्होंने 'शीश महल' बनवाया। यह 51,000 करोड़ रुपए किसका है? यह दिल्ली की जनता का है। मैं वादा करता हूं कि हम 'शीश महल' को जनता के दर्शन के लिए खोलेंगे। केजरीवाल के बाद क्या उन्हें दोबारा सत्ता में आना चाहिए?
ये भी पढ़ें: Delhi Polls 2025: आम आदमी पार्टी की अमित शाह '3जी' से की तुलना, जानिए क्या बताया मतलब
बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी, जिसके परिणाम 8 फरवरी को आएंगे। वहीं जंगपुरा सीट की बात करें तो यहां से आप उम्मीदवार मनीष सिसोदिया, बीजेपी प्रत्याशी तरविन्दर सिंह मारवाह और कांग्रेस के उम्मीदवार फरहाद सूरी के बीच चुनावी टक्कर है।












Click it and Unblock the Notifications