सिद्धू मूसेवाला को मारने के लिए हत्यारों ने इस्तेमाल किए थे सीमा पार से लाए गए हथियार: दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने सिद्धू की हत्या करने वाले दो शूटर्स समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के स्पेशल कमिश्नर एचजीएस धालीवाल ने बताया कि इन शूटर्स ने मूसेवाला को मारने की पूरी तैयारी की थी।

Recommended Video
मूसेवाला को मारने के लिए शूटर्स के पास जो हथियार थे, वे सीमा पार से सप्लाई किए गए थे। घातक हथियारों के साथ शूटर्स ने अपने पास ग्रेनेड, डेटोनेटर भी रखे हुए थे। यदि सिद्धू राइफल की गोलियों से बच जाता तो ये हत्यारे उसे ग्रेनेड या डेटोनेटर के जरिए निशाना बनाते। इन तीनों हत्यारोपियों को दिल्ली पुलिस ने बीते शनिवार को गुजरात के कच्छ से गिरफ्तार किया है। इनमें सोनीपत निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी, झज्जर निवासी कशिश उर्फ कुलदीप और पंजाब के बठिंडा निवासी केशव कुमार शामिल हैं।

हत्याकांड के 21 दिन बाद पकड़े गए इन शूटर्स से पुलिस ने 8 ग्रेनेड, ग्रेनेड लॉन्चर, 9 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 3 पिस्टल, असॉल्ट राइफल और 50 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि, इन शूटर्स का इरादा था कि जरूरत पड़ने पर वे मूसेवाला को मारने के लिए ग्रेनेड का भी इस्तेमाल करते। आरोपी फौजी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के हिसार जिले के किरमारा गांव से हथियारों की बरामदगी की है। फिलहाल हत्याकांड वाले 6 शूटर्स में से 2 शूटर्स धरे जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications