Delhi News: महरौली की बदलेगी सूरत!CM रेखा गुप्ता ने दिया 135 करोड़ का फंड, विधायक का रिपोर्ट कार्ड भी होगा पेश
Rekha Gupta Mehrauli: दिल्ली की ऐतिहासिक विधानसभा महरौली अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कालूराम चौक पर जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 135 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इस मौके पर उन्होंने साफ कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ घोषणाएं नहीं बल्कि जमीन पर दिखने वाला विकास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के हर इलाके को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

135 करोड़ के प्रोजेक्ट्स, विधायक का भी पेश होगा रिपोर्ट कार्ड
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि महरौली विधानसभा और क्षेत्रीय विधायक गजेंद्र यादव का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि अब विकास कार्यों की जवाबदेही तय होगी और जनता को यह जानने का अधिकार होगा कि उनके इलाके में क्या काम हुआ और क्या बाकी है।
इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दक्षिणी दिल्ली की बदरपुर, संगम विहार और देवली विधानसभा में 304 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत कर चुकी हैं। महरौली के 135 करोड़ जोड़ने के बाद दक्षिणी दिल्ली की चार विधानसभाओं में कुल विकास राशि 439 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
सड़क, पार्क, शौचालय से लेकर सामुदायिक भवन तक
मुख्यमंत्री ने बताया कि महरौली में शुरू होने वाले प्रोजेक्ट्स आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं। इसमें सड़कों की मरम्मत और दोबारा निर्माण, पुराने चौपालों और सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार, नए सार्वजनिक शौचालय, पार्कों का सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए झूले और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन कामों से इलाके की तस्वीर बदलेगी और नागरिक सुविधाएं मजबूत होंगी।
महरौली के लिए कुल 235 करोड़ का फंड मंजूर
रेखा गुप्ता ने कहा कि महरौली सिर्फ एक विधानसभा नहीं बल्कि दिल्ली के इतिहास और संस्कृति की पहचान है। मां योगमाया मंदिर, लौह स्तंभ, आर्कियोलॉजिकल पार्क और प्राचीन इमारतों से घिरी यह जगह हजारों साल पुराने विरसे की गवाह है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने महरौली के लिए कुल 235 करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया है। इस राशि से पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई विभाग और डुसिब मिलकर विकास कार्यों को अंजाम देंगे।
अस्पताल, पार्किंग और एलिवेटेड रोड पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बदरपुर-महरौली एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक की समस्या कम होगी। इसके अलावा 100 से 200 बेड का आधुनिक अस्पताल, मल्टी लेवल पार्किंग, खेल का मैदान और नए सामुदायिक भवन बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इन प्रोजेक्ट्स से महरौली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, यातायात और सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी और इलाका तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications