Delhi Metro: येलो लाइन की दिक्कत दूर, फिर से सामान्य हुई मेट्रो सेवा
दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर ट्रेन सेवा देरी से चल रही थी। हालांकि कुछ ही घंटों में उसे सामान्य कर दिया गया, लेकिन सुबह ऑफिस जाने वाले लोग काफी परेशान हुए।

दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लोग गुरुवार सुबह थोड़ा परेशान हुए, क्योंकि येलो लाइन सेवा देरी से चल रही थी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने खुद ट्वीट कर यात्रियों को इसकी जानकारी दी। हालांकि कुछ ही घंटों में उसे सही कर लिया गया।
डीएमआरसी ने ट्वीट कर लिखा कि येलो लाइन अपडेट, कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय के बीच सेवाओं में देरी। अन्य सभी लाइनों पर सामान्य सेवा। करीब 9 बजे डीएमआरसी ने दूसरा ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि मेट्रो सेवा पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।
कहां से कहां तक है येलो लाइन?
आपको बता दें कि येलो लाइन सेवा समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर तक है। इसमें राजीव चौक, नई दिल्ली स्टेशन, चांदनी चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, एम्स, हौज खास, सिविल लाइन, विधानसभा, विश्वविद्यालय जैसे कई अहम स्टेशन है, जिस पर यात्रियों की काफी आवाजाही रहती है।
स्कूल और ऑफिस वाले हुए लेट
दिल्ली मेट्रो में सुबह स्कूल, कॉलेज और ऑफिस जाने वालों की भीड़ ज्यादा रहती है। ऐसे में येलो लाइन के प्रभावित होने से छात्र और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
सस्ता और आरामदायक सफर
दिल्ली मेट्रो को राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है। जिन लोगों के पास कार और बाइक है, वो भी उसे पार्किंग में खड़ा कर मेट्रो से सफर करना पसंद करते हैं, इसके पीछे की वजह है इसकी सुगमता। दिल्ली मेट्रो में कम पैसे में आप एसी में सफर कर सकते हैं। इसका अधिकतम किराया ही सिर्फ 60 रुपये है।
रिचार्ज मशीन में आई थी दिक्कत
इससे पहले 19 अप्रैल को ऑनलाइन रिचार्ज को मान्य करने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर लगी मशीनों में दिक्कत आ गई थी। ऐसे में जब यात्री ऑनलाइन कार्ड रिचार्ज कर स्टेशन पहुंचे, तो उनके बैलेंस शो नहीं हो रहे थे। जिससे वो काफी देर परेशान हुए। हालांकि बाद में डीएमआरसी ने उस सेवा को बहाल कर दिया था।









Click it and Unblock the Notifications