Delhi LPG Prices Today: 8 अप्रैल को LPG गैस के दाम स्थिर, ईरान-अमेरिका सीजफायर के बीच क्या सस्ता होगा ईंधन?
Delhi LPG Prices Today April 8: पश्चिम एशिया में हफ्तों से जारी तनाव के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर (युद्धविराम) पर सहमति बन गई है।
इस समझौते के बदले में ईरान 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' (Strait of Hormuz) से जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए तैयार हो गया है। भारत जैसे ऊर्जा आयात करने वाले देशों के लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया का एक बड़ा तेल व्यापार इसी रास्ते से गुजरता है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस रणनीतिक मार्ग के खुलने से आने वाले दिनों में भारत में एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में कितनी गिरावट आती है।
Delhi LPG Prices Today: 8 अप्रैल, 2026 को दिल्ली में कितनी है गैस की कीमतें
भारतीय परिवार पिछले कई हफ्तों से ईंधन की कीमतों को लेकर चिंतित हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए भारी मात्रा में पश्चिम एशियाई देशों पर निर्भर है। आंकड़ों के मुताबिक भारत अपनी जरूरत का 40% से अधिक कच्चा तेल इन्हीं देशों से आयात करता है।
घरेलू इस्तेमाल वाली 90% एलपीजी (LPG) सऊदी अरब और कतर जैसे देशों से आती है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में किसी भी प्रकार की रुकावट का सीधा मतलब है भारत में रसोई गैस और तेल की किल्लत और कीमतों में भारी उछाल।
राजधानी दिल्ली में आज ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितता के बावजूद तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने फिलहाल दरों में कोई बदलाव नहीं किया है:
- 14.2 किलो LPG सिलेंडर: ₹913 प्रति सिलेंडर
- CNG (सीएनजी): ₹77.09 प्रति किलोग्राम
- PNG (पीएनजी): ₹47.89 प्रति SCM
आपको बता दें कि घरेलू एलपीजी दरों को स्थिर बनाए रखने के लिए तेल विपणन कंपनियां वर्तमान में प्रति सिलेंडर ₹380 की भारी अंडर-रिकवरी (घाटा) झेल रही हैं। इसके बावजूद, भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें पाकिस्तान, श्रीलंका और नेपाल जैसे पड़ोसी देशों की तुलना में काफी कम बनी हुई हैं।
प्रवासी मजदूरों के लिए 'छोटू' सिलेंडर का कोटा हुआ दोगुना
आम जनता और खासकर प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। बाजार मूल्य वाले 5 किलो के एलपीजी सिलेंडरों (जिसे छोटू सिलेंडर भी कहा जाता है) का दैनिक कोटा दोगुना कर दिया गया है।
बिना एड्रेस प्रूफ के मिलेगा LPG सिलेंडर
सब्सिडी वाले 14.2 किलो के सिलेंडर के विपरीत, 5 किलो वाला सिलेंडर बाजार दरों पर उपलब्ध है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹549 है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे प्राप्त करने के लिए किसी पते के प्रमाण (Address Proof) की आवश्यकता नहीं है।
मजदूर केवल एक साधारण पहचान पत्र (ID Card) दिखाकर एलपीजी वितरकों से इसे सीधे काउंटर पर खरीद सकते हैं। इसके विपरीत, नियमित घरेलू गैस कनेक्शन के लिए पूर्ण केवाईसी (KYC) की लंबी प्रक्रिया अनिवार्य होती है।
सीजफायर के बाद क्या कम होंगे फ्यूल के दाम?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ट्रंप और ईरान के बीच यह सीजफायर प्रभावी रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई सुधरेगी। इससे सरकारी तेल कंपनियों का घाटा कम होगा और आने वाले महीनों में आम आदमी के लिए रसोई गैस और वाहनों के ईंधन के दामों में कटौती का रास्ता साफ हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications