दिल्ली हाई कोर्ट ने याचिका की खारिज, कोरोना उपचार प्रोटोकॉल में बदलाव की मांग
नई दिल्ली, मई 25: देश में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप अब थोड़ा कम हो रहा है। पहले की तुलना में नए मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही हैं। हालांकि अभी भी मौत के आंकड़े डराने वाले आ रहे हैं। वहीं दिल्ली हाई कोर्ट में कोरोना को लेकर लगाई जा रही याचिकाओं पर रोजाना सुनवाई हो रही है। मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने कोरोना इलाज के प्रोटोकॉल में बदलाव की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR), नीति आयोग और अन्य को कोरोना के हल्के मामलों के लिए प्रचलित उपचार प्रोटोकॉल पर पुनर्विचार करने और बीमारी में उपचार प्रोटोकॉल को संशोधित करने के लिए निर्देश देने की मांग करने वाली जनहित याचिका को खारिज कर दिया है। याचिका में बताया गया था कि कोरोना ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल में हल्के मामलों में स्टेरायड और एंटीबायोटिक न दिए जाने की हिदायत का स्पष्ट निर्देश होना चाहिए।
40 दिन बाद देश में सबसे कम नए केस
इधर राहत की खबर यह है कि देश में 40 दिनों बाद पहली बार कोरोना के नए मामले 2 लाख से कम आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 1,96,427 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 3,511 लोगों की इस घातक बीमारी से मौत भी हुई हैं। इस दौरान 3,26,850 लोग कोरोना से रिकवर भी हुए हैं। कुल आंकड़ों की बात करें तो देश में अब तक कोरोना के कुल 2,69,48,874 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 25,86,782 एक्टिव मामले हैं। 2,40,54,861 लोग कोरोना से रिकवर होकर घर जा हो चुके हैं, जबकि 3,07,231 लोगों की खतरनाक बीमारी से जान जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications