दिल्ली सरकार इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए सिर्फ डॉक्टर और हेल्थ वर्कर्स के भेजेगी नाम- केजरीवाल
नई दिल्ली, जुलाई 27। दिल्ली सरकार ने इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के नाम भेजने का फैसला किया है। मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने इस फैसले की जानकारी दी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के नाम केंद्र सरकार को भेजने का फैसला किया है।
Recommended Video

स्क्रीनिंग कमेटी से फाइनल होने के बाद केंद्र को भेजे जाएंगे नाम
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि हमने एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई है, जो आवेदन के बाद उन नामों की स्क्रीनिंग करेगी और फिर दिल्ली सरकार को उन नामों की सिफारिश करेगी। इसके बाद आखिर में वो फाइनल नाम केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे। केजरीवाल ने बताया कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी 15 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए अपनी जानकारी [email protected] पर भेज सकते हैं।
हम हमारे हेल्थ वर्कर्स के बहुत आभारी हैं- केजरीवाल
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम कोरोना काल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के काफी आभारी हैं। इन लोगों ने पूरी महामारी के दौरान शानदार काम किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीते डेढ़ साल से हमारे हेल्थ वर्कर्स अथक परिश्रम कर लोगों की जान बचा रहे हैं उसके लिए हम सब उनके आभारी हैं। डॉक्टर, नर्स आदि अन्य सभी तरह के स्वास्थ्यकर्मी जिस तरह 24-24 घंटे काम कर रहे हैं उसके लिए देश ही नहीं पूरी दुनिया उनका शुक्रिया अदा करती है।
डॉक्टरों के लिए भारत रत्न की भी मांग कर चुके हैं केजरीवाल
आपको बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले डॉक्टरों को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की भी मांग कर चुके हैं। इस महीने के शुरुआत में ही अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था कि इस साल 'भारतीय डॉक्टरों' को भारत रत्न मिलना चाहिए। 'भारतीय डॉक्टर' का मतलब सभी डॉक्टरों, नर्स और पैरामेडिक्स हैं। शहीद हुए डॉक्टरों को यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अपनी जान और परिवार की चिंता किए बिना सेवा करने वालों का ये सम्मान होगा। पूरा देश इससे खुश होगा।












Click it and Unblock the Notifications