Delhi Flood: ITO पर सीएम केजरीवाल ने लिया हालात का जायजा, कहा- कम हो रहा जलस्तर, जल्द मिलेगी राहत
दिल्ली बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है, वहां पर गुरुवार को यमुना नदी का जलस्तर इतना ज्यादा बढ़ गया कि आईटीओ, लाल किले आदि जगहों में पानी भर गया। हालांकि दिल्ली सरकार की टीमें लगातार जमीनी स्तर पर लोगों की मदद कर रहीं। इस बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आईटीओ पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
सीएम केजरीवाल के साथ दिल्ली की मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज भी मौजूद थे। वहां पर अधिकारियों ने सीएम को बाढ़ से संबंधित सभी जानकारियां दीं। साथ ही जनता की मदद के लिए चल रहे कार्यों के बारे में भी बताया।

वहीं मीडिया से बात करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग कारण से पानी आ रहा है। जैसे ITO पर यहां नाले के क्षतिग्रस्त होने की वजह से आया है, कहीं यमुना के कारण पानी आया है। अब राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। धीरे-धीरे पानी नीचे जाने लगा है। अभी जलस्तर 208.38 तक आ गया है।
वहीं मामले में दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये नाले शहर के बारिश का पानी यमुना में डालते हैं, लेकिन रेग्युलेटर पानी के दबाव की वजह से टूट गए हैं और यमुना का पानी शहर में जा रहा है। हम मिट्टी के कट्टों की मदद से इस पानी को शहर में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
कई इलाकों में जाम
वहीं दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (ट्रैफिक) एसएस यादव ने बताया कि कश्मीरी गेट पर बाढ़ का पानी आया था। अभी पानी कम होने के संकेत मिले हैं। रिंग रोड पर अभी भी पानी भरा हुआ है। लाल किले के पीछे और राजघाट पर अभी जलस्तर बढ़ा हुआ है। वापस पानी यमुना में जाने में समय लगेगा।
वहीं राजघाट तक पानी आने के कारण गीता कॉलोनी के फ्लाईओवर को बंद कर दिया गया है। उसके कारण पूर्वी और उत्तरी दिल्ली के बीच आवागमन प्रभावित हुआ। कई जगहों पर जाम की स्थिति है, जहां पर ट्रैफिक पुलिस की टीमें तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications