दिल्ली की पहली कैबिनेट मीटिंग में बड़े फैसले, आयुष्मान योजना को मंजूरी, CAG रिपोर्ट विस में होगी पेश
Delhi First Cabinet Meeting: दिल्ली की नई बीजेपी सरकार ने शपथ ग्रहण के साथ ही अपना काम भी शुरू कर दिया है। रामलीला मैदान में गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता और 6 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद पूरे कैबिनेट के साथ सीएम रेखा ने यमुना नदी के वासुदेव घाट पर पूजा अर्चना की। इसके बाद पहली कैबिनेट बैठक पूरी की।
कैबिनेट बैठक में दिल्ली सरकार ने कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हमने जो जनता से वादा किया था वो सभी वादे पूरे किए जाएंगे। हमने पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी देकर उसे आगे की प्रक्रिया के लिए कर दिया है।

Delhi First Cabinet Meeting: पहली बैठक में बड़े फैसले
कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "बैठक में हमने दो मुख्यता एजेंडे पर बात किया और उसे पास किया। पहला- दिल्ली में आयुष्मान योजना को हमने सर्वसम्मति से पारित किया है। दिल्ली में 5 लाख का टॉपअप दिल्ली सरकार देगी और 5 लाख केंद्र सरकार देगी। जो कि जल्द ही लागू किया जाएगा। दूसरा 14 कैग रिपोर्ट पेंडिंग है, पहले विधानसभा में पेश किया जाएगा।"
महिलाओं को 2500 रुपए के वादे पर क्या बोलीं CM रेखा?
वहीं दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी के भाजपा के दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपए देने के वादे को लेकर दिए गए बयान पर रेखा गुप्ता ने कहा,"यह हमारी सरकार है तो एजेंडा हमारा होगा। तो हमें काम करने दीजिए। आपको हमें हर चीज बताने की जरूरत नहीं है जब आपका कार्यकाल था तो आपने किया।"
Delhi First Cabinet Meeting: 14 कैग रिपोर्ट विस में होगी पेश
कैबिनेट बैठक पर दिल्ली के मंत्री परवेश वर्मा ने कहा, "दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू हो गई है और सीएजी रिपोर्ट जल्द ही पेश की जाएगी।" वहीं मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "पीएम मोदी ने वादा किया था हम पहली कैबिनेट बैठक में इसे (आयुष्मान योजना ) पास करेंगे। आज कैबिनेट ने आयुष्मान योजना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही 14 सीएजी रिपोर्ट को पेश किया जाएगा। अब बहुत से चीजों का सच सामने आएगा।"
'बीजेपी के वादे तोड़ने शुरू', पूर्व सीएम आतिशी का हमला
दिल्ली की पूर्व सीएम और आप नेता आतिशी कहती हैं, "बीजेपी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि पहली कैबिनेट मीटिंग में ही वो दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये देने वाली योजना को पास करेंगे। आज नई सीएम रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली। शाम को 7 बजे पहली कैबिनेट मीटिंग हुई। दिल्ली की सभी महिलाओं को उम्मीद थी कि वो योजना पास होगी। पहले दिन से ही बीजेपी ने अपने वादे तोड़ने शुरू कर दिए। उन्होंने योजना पास नहीं की। बीजेपी ने दिल्ली की जनता को धोखा देने का मन बना लिया है।"












Click it and Unblock the Notifications