अब रमेश बिधूड़ी ने ऐसा क्या किया कि CM आतिशी ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी, भतीजे की गिरफ्तारी की भी उठाई मांग
Delhi Election 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के खिलाफ शिकायत की है। इतना ही नहीं आतिशी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट को लेकर शिकायत करने की पत्र लिखकर चुनाव आयोग से मांग की है।
आतिशी कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। आतिशी का मुकाबला दक्षिण दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है। आतिशी ने अपने पत्र में लिखा है कि AAP कार्यकर्ताओं को धमकाने के मामले में रमेश बिधूड़ी और उनके भतीजे पर आपराधिक कार्यवाही की मांग की है। आतिशी ने कहा है कि रमेश बिधूड़ी के भतीजे को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए...क्योंकि वो खुलेआम AAP कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहा है।

आतिशी ने दिल्ली पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आतिशी ने गोविंदपुरी SHO के ट्रांसफर करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि SHO रमेश बिधूड़ी और उनके भतीजे को बचाने का काम कर रही है।
आतिशी ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी के सदस्यों को भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के समर्थकों द्वारा धमकाया जा रहा है, जिसमें उनके भतीजे भी शामिल हैं। इस बीच भाजपा ने कहा कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और आतिशी ये आरोप इसलिए लगा रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वे चुनाव हार रहे हैं।
आतिशी ने क्यों कहा गोविंदपुरी SHO का ट्रांसफर किया जाए?
मुख्यमंत्री आतिशी ने पुलिस पर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के रिश्तेदारों को बचाने का आरोप लगाया है, जिन्होंने कथित तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं पर हमला किया था।
चुनाव अधिकारी को लिखे पत्र में आतिशी ने गोविंदपुरी स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) धर्मवीर और अन्य संबंधित अधिकारियों के तत्काल तबादले की मांग की है।
आतिशी ने आरोप लगाया कि रमेश बिधूड़ी के भतीजे और अन्य ने कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान आप कार्यकर्ताओं को धमकाया था। उन्होंने पुलिस पर आप कार्यकर्ताओं को झूठे बयानों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया है।
आतिशी ने लिखा, "पुलिस बिधूड़ी और उनके परिवार के सदस्यों को बचाने का प्रयास कर रही है, जबकि उनके खिलाफ दर्ज मामलों को खारिज करने की कोशिश कर रही है।"
भाजपा नेता ने आतिशी के आरोपों पर क्या कहा?
दिल्ली की सीएम आतिशी के आरोपों पर बीजेपी नेता तरुण चुघ ने कहा, "रबर स्टैंप सीएम आतिशी भूल गई हैं कि उनकी पार्टी उनके कार्यकाल पर विचार ही नहीं कर रही है। वह मौजूदा सीएम हैं लेकिन उनकी पार्टी उनके नाम पर वोट नहीं मांग रही है। AAP पूरी तरह विफल हो चुकी है और भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। वे अपनी जमीन खो चुके हैं और लोगों ने तय कर लिया है कि केजरीवाल को जाना होगा।"
जानिए क्या है पूरा मामला?
इस सप्ताह की शुरुआत में एक चुनाव अधिकारी को लिखे पत्र में, आतिशी ने मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कालकाजी में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग की थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि रमेश बिधूड़ी के भतीजे ने आप कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा, "घर पर बैठो, नहीं तो तुम्हारे हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। यह हमारा चुनाव है।"
दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के दौरान सीएम आतिशी के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणियों के लिए रमेश बिधूड़ी को आलोचना का सामना करना पड़ा है। आप नेताओं ने उनके बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि आतिशी ने राजनीतिक लाभ के लिए "अपने पिता को बदल दिया है"।












Click it and Unblock the Notifications