'दिल्ली चुनाव लड़ने के लिए मुझे 40 लाख चाहिए', CM आतिशी ने लगाई गुहार, क्राउड फंडिंग का लिंक भी किया शेयर
Delhi Election 2025 CM Atishi: दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी से आम आदमी पार्टी (AAP) उम्मीदवार आतिशी ने रविवार (12 जनवरी) को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया है। सीएम आतिशी ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी पार्टी की काम और ईमानदारी की राजनीति का समर्थन करेंगे।
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आतिशी ने लोगों से पैसे दान करने के लिए एक ऑनलाइन लिंक भी जारी किया है। सीएम आतिशी ने कहा, ''दिल्ली चुनाव लड़ने के लिए मुझे 40 लाख रुपये की जरूरत है। आम आदमी पार्टी के विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री ईमानदारी से काम करते हैं। हमने पिछली बार भी देश और दिल्ली की जनता से मदद मांगकर चुनाव लड़ा था और इस बार भी हम जनता के समर्थन और मदद से चुनाव लड़ रहे हैं।''

CM आतिशी ने क्राउड फंडिंग के लिए लिंक किया जारी, कहा- 100, 1000 दे सकते हैं
दिल्ली सीएम आतिशी ने क्राउड फंडिंग के लिए लिंक जारी करते हुए कहा, ''इस लिंक पर जाकर आप UPI, Debit/Credit Card की मदद से 100, 1000 या ज्यादा की भी मदद कर सकते हैं।'' क्राउड फंडिंग के लिए जो लिंक जारी किया गया है, वो है... https://atishi.aamaadmiparty.org/?utm_campaign=kalkaji
सीएम आतिशी ने कहा, ''पिछले 5 सालों में, आप विधायक, मंत्री और अब दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में मेरे साथ खड़े रहे हैं। आपके आशीर्वाद और समर्थन के बिना यह सब संभव नहीं हो पाता। एक युवा, शिक्षित महिला के रूप में, आपके विश्वास और दान ने मुझे राजनीति में करियर की कल्पना करने में सक्षम बनाया है - एक ऐसा रास्ता जिस पर मैं अकेले नहीं चल सकती थी। अब, जब हम एक और चुनाव अभियान का सामना कर रहे हैं, मुझे एक बार फिर आपके समर्थन की आवश्यकता है। कृपया मेरे क्राउडफंडिंग अभियान में योगदान दें और इस लिंक को साझा करके इस बात को लोगों तक पहुंचाए : http://atishi.aamaadmiparty.org हम सब मिलकर प्रगति और उम्मीद की इस यात्रा को जारी रख सकते हैं।''
मनीष सिसोदिया भी क्राउड फंडिंग की लगा चुके हैं गुहार
दिसंबर में वरिष्ठ आप नेता और जंगपुरा से पार्टी उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने एक क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च किया और अपने चुनाव अभियान के लिए लोगों से वित्तीय सहायता मांगी थी। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications