Delhi Election: भाजपा ने दिल्ली की 70 सीटों के लिए बनाई 230 उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें कब तक हो सकती है घोषित
Delhi Election 2025: महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नजर दिल्ली पर है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए गठित भाजपा की राज्य चुनाव समिति ने 70 सीटों के लिए लगभग 225-230 संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है।
इस बात की जानकारी भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को दी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता में भाजपा की राज्य चुनाव समिति ने गुरुवार को चार घंटे की गहन बैठक के बाद यह निर्णय लिया। समिति ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा दिए गए 700 से अधिक नामों की समीक्षा की।

हर सीट पर 3 से 4 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट
पार्टी के एक नेता ने पीटीआई को बताया कि चुनाव समिति ने 70 सीटों पर तीन से चार संभावित उम्मीदवारों शॉर्टलिस्ट किया है। शनिवार को होने वाली आगामी बैठक में इन नामों पर और विचार किया जाएगा। उम्मीदवारों की अंतिम सूची भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के साथ चर्चा के बाद अगले सप्ताह घोषित किए जाने की उम्मीद है।
अगले सप्ताह घोषित हो सकते है उम्मीदवारों की लिस्ट
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा उम्मीदवारों की सूची पर चर्चा के बाद अगले सप्ताह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने की संभावना है। बता दें, अपने प्रतिद्वंद्वियों के विपरीत, भाजपा अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने में अधिक समय ले रही है। वर्तमान में दिल्ली में शासन कर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले ही अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
विकेंद्रीकृत प्रक्रिया का पालन करती है भाजपा
इस बीच, कांग्रेस ने अब तक 21 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा नेता ने कहा कि उन पार्टियों के विपरीत जहां एक नेता या नेताओं का समूह फैसले लेता है, भाजपा उम्मीदवारों के चयन की एक स्थापित विकेन्द्रीकृत प्रक्रिया का पालन करती है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी टिकट के लिए अपना दावा पेश करने का मौका मिलता है।
नई दिल्ली सीट पर इन दाव लगा सकती है भाजपा
उन्होंने बताया कि अब तक जिन नामों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है, उनमें दिल्ली भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, हाल ही में पाला बदलने वाले अन्य दलों के प्रमुख चेहरे और मौजूदा पार्टी विधायक टिकट के लिए सबसे आगे चल रहे हैं। पार्टी के सूत्रों ने दावा किया कि नई दिल्ली से पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और सचदेवा के नाम चुनाव टिकट के लिए शॉर्ट लिस्ट किए गए हैं।
कई नेता टिकट की दौड़ में
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे वर्मा को कथित तौर पर पार्टी ने नई दिल्ली से चुनाव लड़ने की तैयारी करने को कहा है। चर्चा है कि सचदेवा को पटपड़गंज, कृष्णा नगर या कस्तूरबा नगर में से किसी एक सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि कुछ वरिष्ठ नेता, जो 2020 के विधानसभा चुनावों में अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जीतने में असफल रहे, भी इस दौड़ में हैं।
इन नामों पर किया जा रहा विचार
2020 के चुनाव में भाजपा को केवल आठ सीटें मिलीं। सूत्रों का कहना है कि उसके मौजूदा सात विधायकों में से कुछ को इस बार फिर से टिकट नहीं दिया जा सकता। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए अरविंदर सिंह लवली, राज कुमार चौहान, कैलाश गहलोत और राज कुमार आनंद जैसे नेताओं पर भी उम्मीदवारी के लिए सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications