Delhi Election 2025: जिला चुनाव अधिकारी के अकाउंट से BJP का पोस्ट रीट्वीट, भड़की AAP तो DEO ने दी सफाई
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सर्दी के बीच राजनीतिक माहौल गर्म है। इस बीच जिला चुनाव अधिकारी के एक एक्स पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने नई दिल्ली के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक सोशल मीडिया पोस्ट को रीट्वीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। जिसके बाद अब इस घटना को लेकर राजनीति गरमा गई है।
AAP सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर DEO को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुपके से BJP के प्रचार में हिस्सा लिया। उन्होंने एक्स पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा, "भारत के इतिहास में पहली बार - नई दिल्ली के इलेक्शन ऑफिसर ने चोरी चोरी चुपके चुपके बीजेपी के ट्वीट को रीट्वीट करने चालू किए।"

जब प्यार किया तो डरना क्या? संजय सिंह का तंज
आप सांसद ने व्यंग्यात्मक अंदाज में आगे,"जब प्यार किया तो डरना क्या? जिला निर्वाचन अधिकारी ने अब BJP ज्वाइन करके खुलेआम प्रचार करने का निर्णय लिया। कल सुबह 11 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी बीजेपी कार्यालय में औपचारिक तौर पर बीजेपी में शामिल होंगे।"
चुनाव आयोग के पास शिकायत
वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताते हुए चुनाव आयोग से संबंधित अधिकारी को तुरंत हटाने की मांग की। AAP ने इस मामले को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि DEO BJP के प्रति झुकाव रखते हैं और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। AAP ने चुनाव आयोग से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि ऐसे अधिकारी की मौजूदगी निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है।
रीट्वीट पर DEO का स्पष्टीकरण
इस विवाद पर DEO ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को एक नोडल अधिकारी द्वारा प्रबंधित किया जाता है। DEO ने कहा कि सोशल मीडिया पर जनता के सवालों और गलत सूचनाओं का जवाब देने के दौरान अनजाने में BJP का ट्वीट रीट्वीट हो गया।
ये भी पढ़ें: Delhi Chunav: बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा की जूता बांटने पर बढ़ी मुसीबत, रिटर्निंग ऑफिसर की शिकायत पर FIR दर्ज
DEO ने बताया कि जैसे ही इस गलती का पता चला, रीट्वीट को तुरंत हटा दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद सोशल मीडिया सेल के नोडल अधिकारी को बदल दिया गया है, और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
निष्पक्षता का आश्वासन
DEO ने इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि उनका कार्यालय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें: Delhi Election 2025: केजरीवाल और भाजपा के प्रवेश वर्मा में कौन ज्यादा अमीर? चुनावी हलफनामे में सच आया सामने
चुनाव की तैयारियां जोरों पर
दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे, जबकि नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। AAP ने पिछली बार की तरह इस बार भी बड़े बहुमत के साथ चुनाव जीतने का दावा किया है। 2020 में AAP ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि BJP सिर्फ 8 सीटों पर सिमट गई थी।
वहीं, BJP ने इस बार अपनी रणनीति बदलते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का दावा किया है। दूसरी ओर कांग्रेस अब तक अपनी जमीन तलाशने में ही संघर्ष कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications