COVID-19: दिल्ली में सामने आए कोरोना के 1141 नए केस, पॉजिटिविटी रेट हुई 7.46%
नई दिल्ली, 29 मई। देश में कोरोना की स्पीड स्लो पड़ी हैं और दिल्ली की हालत में सुधार हुआ है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटो में राजधानी में कोरोना के 1141 नए केस सामने आए है और 39 लोगों की मौत हुई है जबकि 2799 लोगों की रिकवरी भी हुई है।

Recommended Video
मालूम हो कि दिल्ली में इस वक्त पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 14,23,690 हो गई है और 13,85,158 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी जा चुके हैं और कुल मौत का आंकड़ा 23,951 हो गया है और इस वक्त राजधानी में एक्टिव केस 14,581 हो गए हैं। दिल्ली की पॉजिटिविटी रेट 7.46% और मृत्यु दर 1.68% हो गई है।

मालूम हो कि दिल्ली में कोरोना का पीक 28 अप्रैल को देखने को मिला था, तब राजधानी में एक्टिव केसों की संख्या 99,752 हो गई थी। दिल्ली में कोरोना के केस कम होने पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली को धीरे-धीरे अनलॉक करने का ऐलान कर दिया है।

उन्होंने कहा कि कंस्ट्रक्शन गतिविधियों और फैक्ट्रियों को सोमवार सुबह यानी कि 31 मई से खोला जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में दिल्लीवासियों की पूरी मेहनत शामिल है, उन्हीं की वजह से दिल्ली में कोरोना के मरीज कम हुए हैं।

हालांकि दिल्ली में वैक्सीनेशन को लेकर सीएम केजरीवाल ने दोहराया कि दिल्ली में वैक्सीन खत्म हो गई है, हमने केंद्र सरकार को लिखा है लेकिन अभी तक वैक्सीन आई नहीं है। तो वहीं आप नेता आतिशी ने कहा कि 'केंद्र सरकार ने वैक्सीन घोटाला किया है, वैक्सीन को प्राइवेट सेक्टर को भेजना और सिर्फ दो कंपनियों को वैक्सीन बनाने देना, ये सब घोटाला ही कहलाता है।'
सुस्त पड़ी कोरोना वायरस की रफ्तार
पूरे भारत में कोरोना वायरस की रफ्तार में कमी आई है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 1,86,364 नए केस सामने आए हैं और3,660 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,75,55,457 पहुंच गई है और मौत का आंकड़ा 3,18,895 हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान 2,59,459 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं। इस वक्त देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 23,43,152 है तो वहीं भारत में अभी तक 20,57,20,660 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। पिछले 24 घंटे में 29,19,699 लोगों को कोरोना का टीका लगा है।












Click it and Unblock the Notifications