वेन्यू तैयार, कार्ड भी पहुंचने लगे...दूल्हा कौन, सस्पेंस बरकरार, Delhi में नई सरकार की ताजपोशी कब और कहां?
Delhi NEW CM: दिल्ली में नई सरकार की ताजपोशी की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। नई दिल्ली का रामलीला मैदान नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण के लिए तैयार हो रहा है। इसके लिए मेहमानों को कार्ड भी पहुंचने लगे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री की शपथ कौन लेगा, इस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है।
कह सकते हैं कि वेन्यू और कार्ड तैयार है लेकिन दूल्हा कौन होगा। इस पर अब भी सस्पेंस बरकरार है। सोशल मीडिया में भी दिल्ली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है भाजपा शासित सभी मुख्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण समारोह का न्यौता भेजा जा चुका है।

इसके अलावा सांसदों और विशेष मेहमानों को भी कार्ड भेजा गया है। कार्ड में स्पष्ट है कि शपथ ग्रहण कल यानि 20 फरवरी बृहस्पतिवार को 12 बजे रामलीला मैदान में सीएम और मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण होगा। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा विधानमंडल दल की बैठक आज शाम 7 बजे बुलाई गई है। जिसमें विधायकों से राय लेकर नए सीएम के नाम की घोषणा हो जाएगी।
हालांकि भाजपा सूत्रों का दावा है कि हाईकमान की और से नए सीएम के नाम को लेकर होमवर्क पूरा हो गया है। विधायकों को नए सीएम के नाम के बारे में शाम तक बता दिया जाएगा। इसके बाद विधानमंडल दल की बैठक में नए नाम की घोषणा हो जाएगी।
अब तक सीएम की रेस में प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता रेखा गुप्ता नाम मीडिया में लिए जा रहे थे, इसके अलावा अब आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह और अजय महावर का नाम भी अब रेस में बताया जा रहा है। हालांकि आखिरी समय तक भाजपा सीएम के नाम पर सस्पेंस रखेगी। जिस तरह छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चौंकाने वाला नाम सामने आया।
इसी तरह दिल्ली में भी कोई नया नाम सामने आ सकता है। इस तरह की कयासबाजी लगाई जा रही है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में कम से कम 5 से 6 विधायकों को शामिल करने की चर्चा है। शाम को विधानमंडल दल का नेता चुनने के बाद भाजपा राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश करेगी और कल दिन में 12 बजे शपथ ग्रहण होगा। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्री और भाजपा संगठन के बड़े पदाधिकारी, भाजपा शासित राज्यों के सीएम भी शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications