CM रेखा गुप्ता ने बढ़ाया मदद का हाथ, रोहतास नगर और बवाना के जरूरतमंद परिवारों को मिली आर्थिक सहायता
दिल्ली सरकार ने जरूरतमंद परिवारों तक सीधी मदद पहुंचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रोहतास नगर और बवाना विधानसभा के कई जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि मुश्किल समय में किसी भी जरूरतमंद नागरिक को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का मकसद सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों तक सीधे मदद पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि हर परिवार की परेशानी को संवेदनशीलता के साथ समझा जाएगा और सरकार राहत देने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। कार्यक्रम में रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन भी मौजूद रहे।
जन सेवा सदन बना सीधी मदद का केंद्र
मुख्यमंत्री जन सेवा सदन को दिल्ली सरकार ने लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद बनाने के लिए शुरू किया है। यहां नियमित जनसुनवाई होती है, जहां अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं और लोगों की शिकायतों के समाधान के निर्देश मौके पर ही दिए जाते हैं। हाल के महीनों में इसी मंच से कई जरूरतमंद परिवारों को राहत और आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
सरकार का फोकस क्या है?
दिल्ली सरकार का कहना है कि जन सेवा सदन सिर्फ शिकायत सुनने का मंच नहीं है, बल्कि लोगों तक समय पर सहायता और सरकारी सेवाएं पहुंचाने का माध्यम भी है। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से प्रशासन और आम नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत हो रहा है और जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज हुई है।














Click it and Unblock the Notifications