Delhi: आईपी कॉलेज में फेस्ट के दौरान जमकर हंगामा, 7 छात्र हिरासत में कई को आई चोट
दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलेज में फेस्ट के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। एंट्री को लेकर धक्कामुक्की के बाद कई लोगों को चोट आई है. पुलिस ने 7 लोगों को हिरासत में लिया है।

दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित आईपी कॉलेज फॉर वीमेंस के गेट में छात्रों की अधिक भीड़ घुसने के बाद सात छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। डीसीपी नॉर्थ, सागर सिंह कलसी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब कॉलेज में फेस्टिवल श्रुति चल रहा था और जाने माने सिंगर आशीष कौर को यहां पर अपनी प्रस्तुति देनी थी। वीडियो फुटेज के आधार पर लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस मामले की आगे की जांच की जा रही है। कॉलेज में चल रहे फेस्ट के दौरान एंट्री करने को लेकर जिस तरह से कॉलेज में भारी हंगामा हुआ, उसके बाद पुलिस एक्शन में आई और कई लोगों को हिरासत में लिया है।
कॉलेज के गेट के पास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और जमकर इनके बीच धक्का मुक्की हुई। अंदर जाने के लिए लोग एक दूसरे को धक्का देने लगे। इसमे कई लोगों को चोट भी आई है। कई छात्र तो जमीन पर गिर गए और चोटिल हो गए। इस मामले में उत्तरी जिला पुलिस ने आईपीसी की धारा 188/337 के तहत केस दर्ज किया है और अभी तक कुल 7 लोगों को गिरासत में लिया गया है।
डीसीपी ने बताया कि यह फेस्टिवल सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चलना था। हम मामले की जांच कर रहे हैं। जो भी दोषी है उसे छोड़ा नहीं जाएगा और मामले में लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमे देखा जा सकता है कि गेट की एंट्री पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और लोगों की भीड़ को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद लोग धक्का-मुक्की करके अंदर घुस रहे हैं। छात्राओं का आरोप है कि कुछ छात्र दीवार फांदकर अंदर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications