Delhi Chunav: दिल्ली चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, जंगपुरा पर भाजपा नेताओं ने ज्वाइन की AAP
Delhi Assembly Elections 2025: आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आम आदमी पार्टी को जंगपुरा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक फायदा हुआ है। जंगपुरा के आप प्रत्याशी और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया।
भाजपा नेताओं का आप में शामिल होना
आप नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता विजयपाल सिंह और जंगपुरा से भाजपा के ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहित चौधरी का पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर सिसोदिया ने कहा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व और आप की नीतियों से प्रभावित होकर हमारी टीम में शामिल हो रहे हैं। यह जंगपुरा के लिए एक मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सिसोदिया का नया निर्वाचन क्षेत्र जंगपुरा
मनीष सिसोदिया पहले पटपड़गंज से तीन बार विधायक रह चुके हैं। इस बार जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं। जंगपुरा में यह मुकाबला भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फरहद सूरी के साथ कड़ा होता दिख रहा है। 2020 में पटपड़गंज में जीत सिसोदिया ने भाजपा के रविंदर सिंह नेगी को 3,207 वोटों से हराया था। 2015 में जीत उन्होंने भाजपा के विनोद कुमार बिन्नी को 28,761 वोटों से हराया। 2013 में जीत भाजपा के नकुल भारद्वाज को 11,476 मतों से हराया।
आबकारी घोटाले की छाया
मनीष सिसोदिया को जंगपुरा में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि वह दिल्ली आबकारी घोटाले में कथित भूमिका के कारण उप मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। विपक्ष इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रहा है।
आप की रणनीति और अन्य दलों की कोशिश
आम आदमी पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करना है। वहीं भाजपा 26 साल बाद दिल्ली में वापसी की कोशिश कर रही है। कांग्रेस भी राष्ट्रीय राजधानी में अपनी खोई हुई जमीन दोबारा पाने की दिशा में काम कर रही है।
दिल्ली चुनाव के लिए मतदान 5 को
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी और मतगणना 8 फरवरी 2025 को होगी। जंगपुरा की यह राजनीतिक हलचल और मनीष सिसोदिया का बढ़ता जनाधार चुनाव के परिणामों में बड़ी भूमिका निभा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications