Delhi Blast Update: लाल किला ब्लास्ट के बाद दिल्ली NCR में बढ़ी चौकसी, मेट्रो स्टेशनों पर हाई अलर्ट
Delhi Blast Update: दिल्ली के लाल किला के पास हुए कार धमाके ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद दिल्ली पुलिस, NIA और IB की टीमें जांच में जुट गई हैं और राजधानी के सभी प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बता दें कि, धमाका सोमवार, 10 नवंबर की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक सफेद रंग की Hyundai i20 कार अचानक विस्फोट के साथ उड़ गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनी गई।

दिल्ली-NCR के बॉर्डर पर सख्त चेकिंग
दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित गाजीपुर बॉर्डर समेत सभी एंट्री पॉइंट्स पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस ने वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि फरार आरोपी NCR या उसके आसपास छिपा हो सकता है।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ी
घटना के बाद दिल्ली के मंडी हाउस, इंडिया गेट, क्नॉट प्लेस और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और सरकारी भवनों के आसपास सघन निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी की जा रही है। इस धमाके के बाद केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने सभी जिलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
जांच में सामने आया कश्मीर कनेक्शन
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के डॉक्टर उमर नबी से जुड़ी थी। सुरक्षाबलों ने उसकी मां का डीएनए सैंपल लिया है ताकि पहचान की पुष्टि की जा सके। जांच एजेंसियों को शक है कि उमर का संबंध हाल ही में हरियाणा के फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से था, जहां से 350 किलो विस्फोटक बरामद किए गए थे।
'घबराहट में हुआ विस्फोट' - पुलिस सूत्र
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह धमाका संभवतः घबराहट में हुआ। जब सुरक्षा एजेंसियों ने फरीदाबाद और दिल्ली-NCR में छापेमारी शुरू की, तो संदिग्ध ने जल्दबाजी में कार को कहीं और ले जाने की कोशिश की, जिसके दौरान विस्फोट हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "संभावना है कि यह आत्मघाती हमला नहीं था, बल्कि ट्रांसपोर्ट के दौरान गलती से विस्फोट हो गया।"
फिलहाल दिल्ली पुलिस और एनआईए सभी संभावित एंगल्स पर जांच कर रही हैं - चाहे वह आतंकी हमला हो या तकनीकी खराबी से हुआ विस्फोट। घटना स्थल से बरामद साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें।












Click it and Unblock the Notifications