Delhi Chunav: बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर संजय सिंह का BJP पर पलटवार, कहा-'AAP को बदनाम करने की साजिश'
Delhi Assembly Elections 2025: आम आदमी पार्टी के विधायक मोहिंदर गोयल के खिलाफ अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के एक सिंडिकेट से कथित संबंधों को लेकर नोटिस मिलने के एक दिन बाद राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर देशभर में बांग्लादेशी और रोहिंग्या बसाने का आरोप लगाया। सिंह ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा केंद्र की जिम्मेदारी है।
भाजपा ने चुनावी लाभ के लिए देश को धोखा दिया
संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले साढ़े दस वर्षों से प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और विदेश मंत्री सभी भाजपा के हैं। इन्होंने बांग्लादेशी और रोहिंग्या प्रवासियों को देशभर में बसाया है। इन्होंने चुनावी लाभ के लिए देश के साथ धोखा किया है।

सिंह ने सवाल किया कि पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा की सीमाओं से ये प्रवासी कैसे पार हुए बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली तक कैसे पहुंचे और कितने प्रवासियों को अब तक देश से वापस भेजा गया है।
पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री पर निशाना
संजय सिंह ने भारत में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शेख हसीना बांग्लादेशियों और रोहिंग्या की नेता हैं। उन्हें आपने कहां रखा है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। यह बयान तब आया जब शेख हसीना बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण सत्ता से हटने के बाद भारत आई थी।
बीजेपी का पलटवार, आप पर गंभीर आरोप
भाजपा ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर रविवार को निशाना साधते हुए विधायक मोहिंदर गोयल के कथित संबंधों पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया। भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने दावा किया कि जांच एजेंसियों को दिल्ली में 26 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के आधार अपडेट फॉर्म पर गोयल और एक अन्य आप विधायक जय भगवान के हस्ताक्षर और सील मिली हैं।
ईरानी ने कहा कि यह मामला आप की संलिप्तता को उजागर करता है और दिल्ली में अवैध प्रवासियों के लिए आधार और वोटर आईडी कार्ड बनाने में शामिल सिंडिकेट की ओर इशारा करता है।
मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी
आरोपों का खंडन करते हुए मोहिंदर गोयल ने कहा कि वह स्मृति ईरानी और भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। गोयल ने कहा कि यह भाजपा की एक साजिश है और वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस विवाद ने दिल्ली की राजनीति को गरमा दिया है। भाजपा और आप के बीच इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जहां भाजपा ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर आप की नीयत पर सवाल उठाए हैं। वहीं आप ने भाजपा पर देश की सीमा सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications