Delhi Chunav: सीएम आतिशी ने केजरीवाल के काफिले के हमलावरों की फोटो किए जारी, प्रवेश वर्मा ने किया पलटवार
Delhi Assembly Elections 2025: आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले आप और भाजपा में तकरार तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उनके नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काफिले पर हमला हुआ। मुख्यमंत्री आतिशी ने हमलावरों के फोटो जारी किए हैं। हालांकि इस आरोप को नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि अपराधियों और गुंडों को अरविंद केजरीवाल को मारने के लिए भेजा गया था। हमले में शामिल दूसरा व्यक्ति रोहित त्यागी है। जो लगातार प्रवेश वर्मा के साथ रहता है और प्रवेश वर्मा के लिए प्रचार में शामिल रहा है। अपराधी पर 2011 में एक चोरी का मामला और एक हत्या के प्रयास का मामला है। जिसमें 10 साल की सजा का प्रावधान है। तीसरा व्यक्ति जो वहां मौजूद था। उसका नाम सुमित है। उस पर भी चोरी, डकैती और हत्या के प्रयास का मामला है।

इन मामलों से पता चलता है कि कल अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाले तीन भाजपा के गुंडे सामान्य भाजपा कार्यकर्ता नहीं हैं। बल्कि प्रशिक्षित गुंडे और अपराधी हैं।
आप का आरोप, भाजपा की हार की हताशा का प्रतीक
आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रचार अभियान के दौरान भाजपा के समर्थकों ने उनके काफिले पर ईंटों और पत्थरों से हमला किया। आप नेता आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पहले भाजपा ने दिल्ली को गैंगस्टर की राजधानी बना दिया। अब क्या आप चुनाव में जंगल राज लाना चाहते हैं। अगर आप चुनाव हार रहे हैं तो क्या अब आप अरविंद केजरीवाल पर हमला करेंगे।आतिशी ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए इसे भाजपा की हताशा का प्रदर्शन करार दिया।
उन्होंने कहा कि जब भी आप गाली-गलौज और गुंडागर्दी करेंगे। दिल्ली के लोगों से आम आदमी पार्टी को मिलने वाला प्यार और वोट और बढ़ेगा। आप ने भाजपा पर यह आरोप लगाया कि यह हमला उनके चुनावी प्रचार को बाधित करने और पूर्व मुख्यमंत्री को डराने की एक सोची समझी साजिश है।
प्रवेश वर्मा का पलटवार
प्रवेश वर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पिछले 11 सालों से मुख्यमंत्री हैं। इसके बावजूद उन्हें घर-घर जाकर प्रचार करना पड़ रहा है। डोर-टू-डोर कैंपेन कर रहे केजरीवाल को निराशा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा रोजगार की मांग को लेकर उनसे बात करना चाहते थे तो केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से उन्हें टक्कर मार दी।
तीन व्यक्तियों के साथ कथित घटना
प्रवेश वर्मा के अनुसार नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के तीन युवाओं ने अरविंद केजरीवाल से बात करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि तीनों के पास कोई हथियार नहीं था। लेकिन आरोप लगाया कि केजरीवाल ने गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर को ब्रेक न लगाने का इशारा किया। जिससे तीनों लोग घायल हो गए। ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की थी। लेकिन केजरीवाल ने गाड़ी को रोकने से मना कर दिया।
फर्जी आरोप और BJP का दावा
प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह घटना केजरीवाल और उनकी पार्टी द्वारा मतदाताओं को गुमराह करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने नई दिल्ली सीट के सभी 1 लाख 9 हजार मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया है। लेकिन हकीकत यह है कि जनता उनसे नाराज है। भाजपा उम्मीदवार ने यह भी कहा कि इस मामले में उन्होंने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
घटनाक्रम पर सवाल
भाजपा नेता का आरोप है कि यह घटना अरविंद केजरीवाल की चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकती है। केजरीवाल सरकार रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर पूरी तरह से विफल रही है। जब उनसे सवाल पूछे जाते हैं तो वे जवाब देने की बजाय झूठे आरोप लगाते हैं। वर्मा ने कहा कि इस कथित घटना को चुनावों से पहले सहानुभूति पाने के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए।
चुनाव आयोग से शिकायत
भाजपा ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। प्रवेश वर्मा ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग इस घटना की पूरी जांच करे और सच्चाई सामने लाए। अरविंद केजरीवाल को झूठे आरोप लगाने से बचना चाहिए।
AAP और BJP आमने-सामने
इस घटना ने दिल्ली चुनावों की सियासी गर्मी को और बढ़ा दिया है। AAP ने इसे सीएम पर हमला करार दिया है। जबकि भाजपा इसे सिर्फ एक साजिश बता रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर ने चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।
इस घटना पर राजनीतिक घमासान अभी और तेज होने की संभावना है। चुनाव आयोग द्वारा इस मामले में जांच शुरू करने के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा। दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस विवाद का क्या असर होगा। यह देखना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications