स्वाति मालीवाल ने रुकवाया 15 साल की लड़की का निकाह, कराया गया था धर्म परिवर्तन
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक 15 साल की मासूम बच्ची का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया जा रहा था...
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक 15 साल की मासूम बच्ची का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया जा रहा था। हालांकि इस मामले की सूचना दिल्ली महिला आयोग तक पहुंच गई और आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मौके पर पहुंचकर निकाह रुकवा दिया। मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने शिकायत दर्ज की है और निकाह में शामिल लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्वाति मालीवाल ने ट्विटर पर शेयर की जानकारी
इस घटना की जानकारी स्वाति मालीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'जहांगीरपुरी में एक 15 साल की बेटी का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया जा रहा था। अभी मैंने और मेरी टीम ने इलाके के एसएचओ के साथ मिलकर ये निकाह रुकवाया है। बहुत दुखद है कि देश से बाल विवाह खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बच्चों से उनका बचपन छीनने वालों को सख्त सजा होनी जरूरी है।'

'देश की राजधानी में इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक'
स्वाति मालीवाल ने मौके पर पहुंचकर लड़की के परिजनों से बात की और बातचीत में परिवार के लोगों ने बताया कि लड़की का जन्म साल 2005 में हुआ था और उसकी उम्र 15-16 साल है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की घटना का होना बेहद शर्मनाक है और ऐसे लोगो को सख्त सजा मिलनी चाहिए, जो बच्चों से उनका बचपन छीन लेते हैं। स्वाति मालीवाल ने बताया कि दिल्ली महिला आयोग इस बच्ची के पुनर्वास की व्यवस्था भी करेगा।

स्पा के नाम पर देह व्यापार का किया था भंडाफोड़
आपको बता दें कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल उस वक्त भी सुर्खियों में आईं थी, जब 2020 में उन्होंने राजधानी में स्पा सेंटर के नाम पर चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था। स्वाति मालीवाल ने अपनी टीम के साथ दिल्ली के कई इलाकों में चल रहे स्पा सेंटरों पर छापे मारे, जहां आपत्तिजनक स्थिति में लोग मिले। इस मामले में स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए थे।












Click it and Unblock the Notifications