राहुल गांधी ने मांगा 4 सवालों का जवाब, कहा- PM मोदी संसद में बताएं कि प्रायश्चित कैसे करेंगे?
नई दिल्ली। कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी के बेटे राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ट्विटर पर कुछ सवाल किए हैं। जिनमें राहुल गांधी ने किसानों के मुद्दे उठाए हैं। राहुल ने अपने आॅफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा- प्रधानमंत्री ने कृषि-विरोधी क़ानून बनाने के लिए माफ़ी माँग ली, लेकिन अब संसद में बतायें कि, प्रायश्चित कैसे करेंगे? इन सवालों के जवाब दें-
1- लखीमपुर मामले के मंत्री को बर्खास्त कब किया जाएगा? 2-शहीद किसानों को मुआवज़ा कितना-कब मिलेगा? 3- सत्याग्रहियों के ख़िलाफ़ झूठे केस वापस कब लिए जाएंगे? 4- एमएसपी पर क़ानून कब?

राहुल गांधी ने कहा, "ये बातें बताए बिना माफ़ी अधूरी!"
इससे पहले उन्होंने 29 नवंबर को भी प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार पर सवाल उठाए थे। जब कई विपक्षी सांसदों को शीतकालीन सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया तो राहुल ने कहा कि, "यह ठीक नहीं हुआ। हम सब चर्चा करना चाहते थे। मगर चर्चा नहीं होने दी। न एमएसपी पर चर्चा होने दी। न शहीद अन्नदाता के लिए न्याय पर, न लखीमपुर मामले में केंद्रीय मंत्री की बर्ख़ास्तगी पर...। जो छीने संसद से चर्चा का अधिकार, फ़ेल है, डरपोक है वो सरकार।"

सस्पेंड किए 12 सासंदों से भी मिले
राहुल गांधी ने सस्पेंड किए गए सभी सासंदों से मुलाकात की। कल वह राज्यसभा के 12 विपक्षी सदस्यों के निलंबन के विरोध में विपक्षी नेताओं के विरोध-प्रदर्शन में भी शामिल हुए। उक्त राज्यसभा सांसदों के निलंबन को लेकर गांधी प्रतिमा के पास हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली में केंद्र सरकार के कानूनों के खिलाफ संसद में चर्चा करने की मांग करते भी देखे गए। 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन के मामले पर संसद परिसर में विपक्ष का धरना संसद के 25 दिवसीय शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भी जारी रहा। वहीं, सरकार ने निलंबित सदस्यों से माफी की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications