Delhi DTC: महिलाओं को देख ड्राइवर ने नहीं रोकी बस, केजरीवाल के ट्वीट के बाद गिरी गाज
Delhi DTC Bus News: दिल्ली की डीटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर मिलता है, लेकिन कई जगह ऐसी घटनाएं सामने आई है कि महिलाओं को देखने के बाद ड्राइवर बस नहीं रोकते, जिसके बाद केजरीवाल सरकार एक्शन में है।

दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार में महिलाओं को मुफ्त में बस यात्रा की सुविधा मिलती है। ऐसे में क्लस्टर, इलेक्ट्रिक और डीटीसी बसों में यात्रा करने के लिए महिलाओं को टिकट नहीं लेना पड़ता। लेकिन कुछ जगहों पर ऐसी शिकायतें आई हैं कि महिलाओं को देखकर बस ड्राइवर बस नहीं रोकते, जिन पर अब सीएम केजरीवाल ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
महिलाओं को देख बस नहीं रोक रहे ड्राइवर
दिल्ली सरकार पूरे देश में अपनी मुफ्त योजनाओं को लेकर चर्चाओं में रहती हैं। आम आदमी को राहत मिले इसके लिए सीएम केजरीवाल हर मोर्चे पर बेहतर योजनाएं लागू करते हैं। ऐसी ही एक योजना महिलाओं के लिए है, जिसके तहत डीटीसी और क्लस्टर बसों में फ्री में सफर करने की सुविधा दी जाती है।
सरकार की योजना पर पलीता
लेकिन दिल्ली सरकार की इस योजना को डीटीसी बसों के ड्राइवर पलीता लगाते नजर आ रहे हैं। राजधानी में कई ऐसी शिकायतें देखने को मिली है, जिसमें महिलाओं को देख ड्राइवर बस नहीं रोकते, यहां तक महिलाएं बसों के पीछे दौड़ती भी दिखती हैं, लेकिन मजाल है जो ड्राइवर ब्रेक पर पैर रख दें।
सीएम केजरीवाल ने शेयर किया वीडियो
अब ऐसे ही ड्राइवरों की शामत आने वाली है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा- "ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि कुछ ड्राइवर महिलाओं को देखकर बस नहीं रोकते, क्योंकि महिलाओं का सफर फ़्री है। इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है।"
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक वीडियो तिलक ब्रिज के बस स्टॉप की है, जहां बस ड्राइवर ने तीन महिलाओं को देखने के बाद भी बस आगे बढ़ा ली, जबकि महिलाएं बस के पीछे-पीछे दौड़ती नजर आ रही है। इसी वीडियो को ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल ने एक्शन लेने की बात कही है।
ड्यूटी से हटाया ड्राइवर
जिसके बाद दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चालक को बदल दिया गया है और अगले आदेश तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। चालक व अन्य स्टाफ के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
लोगों से सरकार की अपील
इसी के साथ परिवहन मंत्री ने कहा कि किसी भी चालक द्वारा इस तरह का व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है। साथ ही कहा कि मैं यात्रियों से अपील करता हूं कि वे यदि कहीं भी इस प्रकार की अनियमितता देखें तो तुरंत उसकी वीडियो बना कर साझा करें। सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications