डीटीसी के बस ड्राइवर कंडक्टर्स को सीएम आतिशी ने दी गुड न्यूज
New Delhi: दिल्ली की आतिशी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव चल दिया है। मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली परिवहन निगम यानी डीटीसी के संविदा ड्राइवर और कंडक्टरों की सैलेरी बढ़ाने की घोषणा कर दी है। इस बात की जानकारी खुद सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि डीटीसी के सभी ड्राइवरों को नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। वरिष्ठ ड्राइवरों, खासकर सहायक टिकट निरीक्षकों (कंडक्टर) को नए इलेक्ट्रिक बस बेड़े में रोजगार के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।
आतिशी ने कहा कि आज DTC की बसों और कर्मचारियों की मदद से दिल्ली की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। DTC दिल्ली की लाइफलाइन है। उन्होंने कहा, DTC में संविदा पर काम करने वाले हजारों ड्राइवर और कंडक्टर का धन्यवाद, जिन्होंने हमारे आश्वासन पर अपनी हड़ताल खत्म की और वापस काम पर लौटे।

DTC संविदा ड्राइवरों और कंडक्टरों की तनख्वाह में इजाफा
आतिशी ने कहा कि आप सरकार ने डीटीसी कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति व्यक्त की है, जो हाल में अपनी कार्य स्थितियों के विरोध में हड़ताल पर चले गए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि डीटीसी कर्मचारियों की मांग को देखते हुए दिल्ली सरकार ने संविदा ड्राइवरों और कंडक्टरों के वेतन में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव में महंगाई भत्ता यानी डीए और ग्रेड पे शामिल होगा, जो पहले उनकी सैलरी का हिस्सा नहीं था।
कितना बढ़ा ड्राइवर-कंडक्टर का वेतन
आतिशी ने बताया कि संविदा ड्राइवरों को वर्तमान में 843 रुपये का दैनिक वेतन मिलता है, जो कुल 21,918 रुपये प्रति माह है। उन्हें डीए या ग्रेड पे नहीं मिलता था। उन्होंने दैनिक वेतन के बजाय एक कंसोलिडेटेड अमाउंट का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और अगले एक-दो महीने के भीतर कर्मचारियों को उनके ग्रेड पे के अनुसार वेतन मिलना शुरू हो जाएगा।
आगे सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में डीटीसी बस सर्विस की महत्वपूर्ण भूमिका है। डीटीसी में 4,500 संविदा ड्राइवर और 17,850 संविदा कंडक्टर हैं। हाल में वे हड़ताल पर चले गए थे। हमने उनकी मांगें सुनीं, जो पूरी तरह से जायज हैं। मैं उन्हें हड़ताल खत्म करने और दो दिन के विरोध प्रदर्शन के बाद हमारी अपील पर प्रतिक्रिया देने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।












Click it and Unblock the Notifications