गैंगस्टर अंकित गुर्जर केस: तिहाड़ जेल के अंदर मौत के मामले की CBI ने शुरू की जांच
नई दिल्ली, 12 सितंबर: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की स्पेशल क्राइम यूनिट ने गैंगस्टर अंकित गुर्जर की हिरासत में मौत के मामले की जांच शुरू कर दी है। अंकित गुर्जर की इस साल 4 अगस्त को तिहाड़ जेल के अंदर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश पर 10 सितंबर को एफआईआर दर्ज की थी। अंकित गुर्जर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंकित को जेल अधिकारियों ने मार डाला है। उनके मुताबिक 3 अगस्त को उन्होंने हरि नगर थाने में दो कॉल की थी। एक रात 10:55 बजे और दूसरी रात 11:11 बजे।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने दिल्ली पुलिस और तिहाड़ जेल के अधिकारियों से दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज सहित कई सबूत इकट्ठा करना भी शुरू कर दिया है। बता दें कि गैंगस्टर अंकित गुर्जर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई पुलिस थानों में दर्ज 13 मामलों में मुकदमे का सामना कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक बदमाश अंकित गुर्जर दो अन्य कैदियों गुरजीत और गुरमीत जरनैल के साथ सेंट्रल जेल नंबर 3 के वार्ड 5ए के सेल नंबर 16 में में बंद था। जेल अधिकारियों के अनुसार 3 अगस्त को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जेल स्टाफ ने अंकित के सेल में अचानक तलाशी ली, जहां कथित तौर पर एक मोबाइल फोन, चार्जर, डेटा केबल और एक हाथ से बना चाकू बरामद किया गया। इस दौरान जेल जेल उपाधीक्षक नरेंद्र मीणा से अंकित की मारपीट हो गई।
अपनी स्टेट्स रिपोर्ट में तिहाड़ जेल अधिकारियों ने बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 1 बजे जेल स्टाफ ने सेंट्रल जेल अस्पताल तिहाड़ में फोन करके अंकित के शरीर में दर्द होने की सूचना दी थी, जिसके बाद ड्यूटी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ अंकित की मेडिकल जांच के लिए वार्ड आए और दर्द का इंजेक्शन लगाकर चले गए। जेल अफसरों ने आरोप लगाते हुए कहा था कि अंकित ने किसी भी इलाज या फिर टेस्ट करने से साफ इनकार कर दिया था। 3 अगस्त की शाम 6:25 बजे फिर से ड्यूटी डॉक्टर को फोन किया गया। उसकी नब्ज रिकॉर्ड नहीं हो पा रही थी, जिसके बाद अंकित को आइसोलेशन में शिफ्ट किया गया।
फिर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने 4 अगस्त को सुबह 7:15 बजे मृत घोषित कर दिया था। वहीं अंकित के परिवार ने आरोप लगाया कि जेल उपाधीक्षक नरेंद्र मीणा द्वारा की गई पैसे की मांग को पूरा करने में करने पर उसे पीटा गया, जिससे उसकी मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications