बुराड़ी: ललित बन गया था पूरे परिवार का 'डैडी', मृत पिता की आत्मा के नाम पर सब मानते थे उसकी बात
नई दिल्ली। बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की रहस्मयी मौत के मामले में कई नए खुलासे हुए हैं। इनमें सबसे अहम जानकारी जो सामने आई है, वह यह है कि मां नारायणी देवी को छोड़कर पूरा परिवार ललित भाटिया को 'डैडी' कहकर बुलाने लगा था। ललित को वैसे परिवार में काका कहकर बुलाते थे, लेकिन पिता भोपाल सिंह की आत्मा आने की वजह से परिवार के लोग उसे डैडी कहकर बुलाने लगे थे।

11 साल से 'डैडी' की आत्मा आ रही थी ललित के शरीर में
बुराड़ी मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस परिवार के मुखिया भोपाल सिंह की मौत के बाद से ही ललित अपने शरीर में पिता की आत्मा आने का दावा करने लगा था। ललित बीते 11 साल से पिता की आत्मा उसके अंदर आने की बात कह रहा था और पिता की आवाज में ही परिवार से बात करता था।

परिवार के सदस्यों को 'डैडी' के नाम से डराने लगा था ललित
बुराड़ी मामले में नई जानकारी यह भी सामने आई है कि ललित परिवार के अन्य सदस्यों को यह कहकर डराता था कि अगर उन्होंने बात नहीं मानी तो 'डैडी' क्रोधित हो जाएंगे और कुछ बुरा कर देंगे। 'डैडी' की बात मानने का मतलब यह हुआ कि ललित के अंदर जो आत्मा आती थी, वह घर के सदस्यों को फैसले सुनाया करती थी। मसलन, कारोबार में आगे क्या करना है आदि।

'डैडी' के बताए काम करने से बढ़ने लगा था कारोबार
ललित परिवार के सदस्यों के सामने 'डैडी' की आत्मा को शरीर में प्रवेश कराता था। उसके बाद 'डैडी' भोपाल की आत्मा परिवार को बताती थी कि आगे क्या करना है। 11 साल तक यह सिलसिला चलता रहा। पूरे परिवार को भरोसा हो चला था ललित के अंदर पिता भोपाल सिंह की आत्मा आती है। बीते 11 साल में ललित के अंदर कई बार पिता की आत्मा आई और उसने परिवार को बताया कि ये काम ऐसे करो, वो काम उसी तरह से करने के बाद परिवार की तरक्की होती चली गई। पहले परिवार की एक दुकान थी, लेकिन बढ़ते-बढ़ते वो तीन हो गईं। इसी वजह से परिवार को ललित के अंदर पिता की आत्मा आने वाली बात पर पक्का यकीन हो गया था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications