दिल्ली सरकार का बीजेपी पर गंभीर आरोप, MCD के 10 अस्पताल बेचने की तैयारी कर रही है भाजपा
नई दिल्ली, अगस्त 29। राजधानी दिल्ली में अगले साल होने वाले एमसीडी चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। रविवार को आम आदमी पार्टी के विधायक और पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर एमसीडी की संपत्ति को बेचने का आरोप लगाया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी को ये पता चल चुका है कि एमसीडी से उसकी अब विदाई होने वाली है और इसीलिए बीजेपी एमसीडी की संपत्ति को औने-पौने दामों में बेचकर भागना चाह रही है।

नॉर्थ दिल्ली के अस्पतालों को बेचना चाह रही है एमसीडी
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी एमसीडी से जाते-जाते 10 अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को बेच रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नॉर्थ दिल्ली के अंतर्गत आने वाले 10 अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को एमसीडी केंद्र सरकार को बेचना चाहती है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक तरफ तो दिल्ली सरकार 7 नए अस्पताल और साढ़े छह हजार नए आईसीयू बेड बनाने की बात कर रही है तो वहीं दिल्ली की एमसीडी अस्पतालों को बेचने की बात कर रही है।
बीजेपी ने एमसीडी को कर दिया है दिवालिया- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जैसे किसी घर में आर्थिक स्थिति खराब होने के दौरान घर के जेवर बेचने पड़ते हैं, उसी तरह बीजेपी एमसीडी अस्पतालों को बेच रही है। उन्होंने कहा कि एमसीडी में बैठी बीजेपी ने निगम की हालत ऐसी दिवालिया कर दी है कि ये अब अस्पतालों को चला भी नहीं पा रहे हैं, अब बीजेपी की यही कोशिश है कि इन 10 अस्पतालों को केंद्र सरकार को बेच दिया जाए ताकि इसका खर्चा बच सके और कुछ धन एमसीडी के पास भी आ सके। एमसीडी में बैठी बीजेपी हर काम में फेल हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications