'... मेरा नहीं, दिल्लीवासियों का निर्णय', दिल्ली में सभी लोकसभा सीटों पर AAP के दावे पर बोले केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले हफ्ते रविवार कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सीएम ने ये ऐलान पंजाब में एक रैली के दौरान किया। वहीं इससे पहले पंजाब में भी पार्टी ने अकेले दम पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सीटों पर आम आदमी पार्टी के दावे को दिल्लीवासियों का निर्णय बताया।
आम आदमी पार्टी ने रविवार को 'एक्स' (पूर्व में ट्वीटर) पर अपने आधिकारिक अकाउंट पर सीएम के बयान को शेयर किया। जिसमें लिखा गया, "दिल्ली के लोगों ने AAP को 7 की 7 सीटें देने की ठान ली है। पंजाब की भी 13 की 13 लोकसभा सीटें देकर भगवंत मान जी के हाथ मजबूत कर दो। फिर केंद्र सरकार और गवर्नर की हिम्मत नहीं होगी कि वो पंजाब का पैसा और कोई काम रोके।"

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की इस घोषणा के बाद एक सवाल के जवाब में दिल्ली सरकार में मंत्री व आप नेता आतिशी मार्लेना ने गठबंधन आईएनडीआईए से अलग होने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा की गठबंधन से तालमेल स्थापित करने के लिए लगातार दलों की बैठकें हो रही है। वहीं सीएम केजरीवाल ने अपने इस ऐलान को लेकर कहा कि "दिल्ली के लोगों" का निर्णय है। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) पहले ही एकतरफा घोषणा कर चुकी है कि वह पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और असम में तीन सीटों के लिए पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान कर दिया है।
आईएनडीआईए गठबंधन में शामिल आम आमदी पार्टी पहला दल नहीं, जिसने खुद के द्वारा शासित राज्यों पंजाब और दिल्ली में गठबंधन के साथ चुनाव ना लड़ने के संकेत दिए हैं, इससे पहले सीट बंटवारे को लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी मुखर हो चुकी हैं। उन्होंने भी पश्चिम बंगाल में बीजेपी को हराने के लिए तृणमूल कांग्रेस को पर्याप्त बताया है। उन्होंने दावा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को अगर कोई टक्कर दे सकता है, तो वो टीएमसी ही है।












Click it and Unblock the Notifications